Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Feb, 2026 05:28 PM

निकटवर्ती गांव निवासी एक महिला ने अपने पहले पति से तलाक लेकर गांव के ही एक युवक की बातों में आकर उससे कोर्ट मैरिज करवा ली लेकिन उस युवक ने भी उसे अपनाने से इंकार कर दिया जिससे आहत होकर उक्त महिला ने गत दिवस कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसे उपचार के...
अबोहर (भारद्वाज) : निकटवर्ती गांव निवासी एक महिला ने अपने पहले पति से तलाक लेकर गांव के ही एक युवक की बातों में आकर उससे कोर्ट मैरिज करवा ली लेकिन उस युवक ने भी उसे अपनाने से इंकार कर दिया जिससे आहत होकर उक्त महिला ने गत दिवस कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित महिला ने पुलिस प्रशासन से उक्त युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार करीब 33 वर्षीय महिला ने बताया कि उसकी शादी कुछ साल पहले गांव लक्खे के उताड़ निवासी एक दिव्यांग से हुई थी जिससे उसके घर में दो बच्चे पैदा हुए। उसने बताया कि उसका दिव्यांग पति उनका खर्चा उठाने एवं पालन पोषण करने में असमर्थ था जिस कारण उसने अपने पति से आपसी राजीनामे से तलाक ले लिया और अपने मायके में आकर रहने लगी। पीड़िता ने बताया कि यहां पर कुछ माह पहले उसकी जान-पहचान गांव के ही गुरजंट सिंह से हुई जो कि धीरे धीरे प्रेम में बदल गई और उसने 18 दिसम्बर 2025 को फाजिल्का की कोर्ट में जाकर गुरजंट संग कोर्ट मैरिज करवा ली लेकिन गुरजंट उसे अपने घर नहीं ले गया बल्कि शीघ्र ही गांव में किराए का मकान लेकर उसमें रहने का विश्वास दिलाया।
पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार उसे कहा कि वह उसे अपने घर ले जाए लेकिन वह लगातार टालता रहा था जिससे आहत होकर उसने गुरजंट को कहा कि उसने अपना सारा कुछ उसके लिए छोड़ दिया, अगर वह उसे अपने घर नहीं ले गया तो वह मर जाएगी। जिस पर गुरजंट ने उसे कहा कि मरती है तो मर जाए जिस कारण उसने तीन दिन पहले किसी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर मायके वाले उसे स्थानीय निजी अस्पताल लाए जहां पर उक्त युवक उससे मिलने भी आया और यहां से जाने के बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया। हालत में सुधार होने पर वह उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती हुई। जहां लड़की व उसके परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उक्त युवक पर कार्रवाई करने की मांग की है। इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही अस्पताल से एम.एल.आर. आएगी उसी के हिसाब से उसके बयान दर्ज कर बनती कार्रवाई की जाएगी।