Edited By Vatika,Updated: 23 Jul, 2026 12:37 PM

जिले के सीमावर्ती क्षेत्र दोरांगला के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): जिले के सीमावर्ती क्षेत्र दोरांगला के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। लगातार बरसात के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है, जबकि सीमा से सटे गांवों के लोग पिछले साल आई बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका से चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे आदी, चौंतरा और सलाच समेत कई गांवों में नोमणी नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। वहीं रावी और उज्ज नदियों में भी पानी का स्तर बढ़ने से सीमावर्ती इलाकों के हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। कई स्थानों पर पानी सड़कों तक पहुंच गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों को दैनिक आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव आदी में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित बीएसएफ की कुछ चौकियों तक जाने वाले रास्तों पर भी पानी भर गया है। इससे बीएसएफ के जवानों और अधिकारियों को भी आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल आई बाढ़ के बाद नहरों और नोमणी नालों की समय पर सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण इस बार बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सीमावर्ती क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी के उचित प्रबंध किए जाएं, ताकि गांवों को संभावित बाढ़ से बचाया जा सके।