Edited By Kamini,Updated: 03 Jul, 2026 06:42 PM

शहर के कच्चे क्वार्टर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की धारदार हथियारों से हमला कर निर्मम हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
पठानकोट (शारदा, कंवल) : शहर के कच्चे क्वार्टर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की धारदार हथियारों से हमला कर निर्मम हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जिसके चलते इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। वहीं मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों तथा 3-4 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गुलशन कुमार पुत्र सुभाष चंद्र के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी समीक्षा (28) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2024 में गुलशन कुमार के साथ हुई थी। उनका डेढ़ वर्षीय बेटा भी है।
महिला ने बताया कि रात को भोजन करने के बाद उसका पति गुलशन कुमार मोटरसाइकिल पर बाजार जाने के लिए घर से निकला और वह स्वयं और उसकी ननद प्रवीण भी रात की सैर के लिए घर से बाहर निकलीं। रात करीब 12:10 बजे जब गुलशन कुमार मोहल्ले के मोड़ पर पहुंचा तो वहां पहले से खड़ी 2 कारों में से कई युवक बाहर निकले और उसे जबरन रोक लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि राहुल उर्फ आंडा, उसका भाई कृष, उनका जीजा विक्की, मन्नी, भूरी, अश्मीत सिंह उर्फ बिल्ली जट्ट, राजन और दीपू पहलवान सहित अन्य युवकों ने उसके पति पर दातर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी दोनों बाहों और टांगों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
आरोप है कि गिरने के बाद भी हमलावर लगातार उस पर हमला करते रहे, जिससे उसकी दोनों बाजू बुरी तरह कट गईं और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। महिला ने बताया कि जब उसने और उसकी ननद ने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए 2 कारों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से घायल गुलशन कुमार को पहले पठानकोट के अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में एंबुलेंस के भीतर ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल, पठानकोट लाया गया।
पत्नी ने अपने बयान में बताया कि इस वारदात की वजह पुरानी रंजिश थी। उसका आरोप है कि राहुल उर्फ आंडा और उसके पति के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज हुए थे। उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
साथ जा रहा युवक भी हुआ घायल
पठानकोट के वार्ड नंबर 30 स्थित मोहल्ला कच्चे क्वार्टर में वीरवार देर रात गुलशन की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। वहीं उसके साथ जा रहा उसका साथी दाना वह भी घायल हो गया क्योंकि हमलावरों ने उस पर भी हमला किया था। जानकारी के अनुसार 2 कारों में सवार होकर आए हमलावरों ने बेरहमी से उसे तेजधार हथियारों से काटा। कातिलों ने युवक के दोनों हाथ और दोनों पैर काट डाले थे जिसकी फुटेज थोड़ी दूरी पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
मृत्यु से पहले गुलशन के सहयोगी ने बनाई वीडियो
गुलशन का एक वीडियो सामने आया है जो अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी आपबीती सुनते हुए हमलावरों के बारे में जानकारी दे रहा है । वीडियो में वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है जिसमे उसकी दोनों बाजु कटी हुई दिखाई दे रही है और कथित तौर पर हमलावरों के नाम लेते हुए पूरे घटनाक्रम का विवरण देता है। वह अपनी चोटें दिखाते हुए कहता है, "देखो, मेरी क्या हालत कर दी है इन लोगों ने। इन सबके खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कराओ।"वीडियो में गुलशन दर्द से कराहता हुआ भी नजर आता है और डॉक्टरों से जल्द से जल्द इंजेक्शन लगाने की गुहार लगाता सुनाई देता है।
पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस छावनी बना अस्पताल परिसर
गुलशन के पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अस्पताल के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद रही। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पुलिस की निगरानी में पूरी कराई गई। वहीं, बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here