गुरदासपुर में घर-घर Voter Verification पूरा, 13 अगस्त से दावे और आपत्तियां होंगी स्वीकार

Edited By Kamini,Updated: 07 Aug, 2026 04:49 PM

voter verification completed in gurdaspur

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत जिला गुरदासपुर में मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

गुरदासपुर (हरमन/हरजिंदर गोराया/विनोद): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत जिला गुरदासपुर में मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य उप्पल ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी।

आदित्य उप्पल ने बताया कि 25 जून से 3 अगस्त 2026 तक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ ने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है और वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि अभियान शुरू होने के समय जिले में कुल 12,93,682 मतदाता दर्ज थे। सत्यापन के दौरान 11,83,552 एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त हुए, जबकि 1,08,473 मतदाता अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक, डुप्लीकेट अथवा अन्य श्रेणियों में पाए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि के दौरान पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके अलावा विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भी जमा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि मतदाता अपने नाम की पुष्टि संबंधित बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय अथवा निर्वाचन आयोग के अधिकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर सकते हैं। साथ ही 16 अगस्त को जिले के सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगे, जहां मतदाता आवश्यक प्रपत्र भरकर जमा करा सकेंगे।

आदित्य उप्पल ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इसके तहत 47 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे जिले में पोलिंग बूथों की संख्या 1553 से बढ़कर 1600 हो गई है। उन्होंने कहा कि इससे मतदाताओं को मतदान के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करवाएं तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग दें। बैठक में चुनाव तहसीलदार मनजिंदर सिंह बाजवा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!