Edited By Vatika,Updated: 08 Jul, 2026 03:46 PM

जिले के धारीवाल के नजदीकी गांव सोहल में देर रात एक एनआरआई परिवार की कोठी में बड़ी
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): जिले के धारीवाल के नजदीकी गांव सोहल में देर रात एक एनआरआई परिवार की कोठी में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर कोठी के पिछले हिस्से की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और पूरी डबल स्टोरी कोठी को खंगाल डाला। उन्होंने एक-एक कमरे और अलमारी के ताले तोड़कर कई घंटों तक सामान की तलाशी ली।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गांव के सरपंच बलजीत सिंह सोनू सोहल ने इस वारदात को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि गांव में पहले कभी इतनी बड़ी चोरी नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने की मांग की। घर की देखभाल कर रहे सरबजीत सिंह ने बताया कि चोरी में कितना नुकसान हुआ है, इसका सही पता परिवार के विदेश से लौटने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले परिवार के मुखिया अपनी बेटी से मिलने कनाडा गए थे, जहां अचानक हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। उनका बेटा भी अंतिम संस्कार के लिए ऑस्ट्रेलिया से कनाडा पहुंचा हुआ है। इसी दौरान पीछे से चोरों ने कोठी को निशाना बना लिया।
मौके पर पहुंचे धारीवाल थाना प्रभारी (SHO) ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल चोरी में कितनी नकदी और कीमती सामान ले जाया गया, इसका खुलासा परिवार के विदेश से लौटने के बाद ही हो सकेगा। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि चोर घर से बड़ी मात्रा में सामान लेकर फरार हुए हैं।