Edited By Kalash,Updated: 08 Aug, 2026 12:48 PM

पठानकोट के सिविल अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आपसी विवाद में घायल हुए दो पक्ष अस्पताल परिसर में आमने-सामने आ गए।
पठानकोट (शारदा): पठानकोट के सिविल अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आपसी विवाद में घायल हुए दो पक्ष अस्पताल परिसर में आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक युवक के सिर पर ईंट मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच चक्की वाले पुल, ढांगू क्षेत्र में पहले झड़प हुई थी। घटना के बाद घायल पक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए डिवीजन नंबर-2 थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने मैडीकल परीक्षण के लिए उन्हें सिविल अस्पताल भेजा।
इसी दौरान दूसरा पक्ष भी मैडीकल करवाने के लिए अस्पताल पहुंच गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच फिर से बहसबाजी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने रास्ते में पड़ी ईंट उठाकर दूसरे पक्ष के युवक के सिर पर दे मारी, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल, पी.सी.आर. और ई.आर.वी. की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों पक्षों का मैडीकल करवाया गया। डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं घायल युवक हैप्पी सैनी ने आरोप लगाया कि चक्की वाले पुल के पास बड़ी संख्या में युवकों ने उस पर और उसके भाई पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने बेरहमी से मारपीट की और बड़ी मुश्किल से उन्होंने अपनी जान बचाई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here