24 घंटे में बठिंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: बुजुर्ग महिला से कुंडल झपटने वाला गिरोह दबोचा

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 Jun, 2026 08:50 PM

major crackdown by bathinda police within 24 hours

शहर के सिरकी बाजार में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने के कुंडल झपटकर तलवार के बल पर फरार हुए गिरोह का बठिंडा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया।

बठिंडा, (विजय वर्मा) : शहर के सिरकी बाजार में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने के कुंडल झपटकर तलवार के बल पर फरार हुए गिरोह का बठिंडा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोना, वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो ऐसे शातिर अपराधी भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और नशा तस्करी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार सिरकी बाजार निवासी 70 वर्षीय गुरजीत कौर सोमवार शाम अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवकों ने पहले उन्हें बातों में उलझाया और फिर अचानक उनके कानों में पहने करीब सवा दो तोले सोने के कुंडल झपट लिए। महिला ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने कृपाणनुमा तलवार दिखाकर उसे डराया और मौके से फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
घटना के बाद एसएसपी ज्योति यादव, एसपी सिटी नरिंदर सिंह और डीएसपी सिटी-1 अमृतपाल सिंह भाटी के निर्देशों पर थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंच बनाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह निवासी मिड्डूखेड़ा, सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी उर्फ निक्का निवासी सुखलद्धी तथा रवि निवासी रामा मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन सोने के कुंडल, वारदात में इस्तेमाल की गई कृपाणनुमा तलवार और प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बठिंडा में वारदात करने से एक दिन पहले आरोपियों ने हरियाणा के कालांवाली क्षेत्र में भी एक आपराधिक घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना कालांवाली में मामला दर्ज है और हरियाणा पुलिस भी आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी में जुटी हुई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!