गुरदासपुर में नहीं थम रहा चोरियों का सिलसिला, एक ही रात चार दुकानों को बनाया निशाना

Edited By Kalash,Updated: 23 Aug, 2026 11:36 AM

gurdaspur theft cases

थाना पुराना शाला के अधीन आते ग्रामीण क्षेत्रों में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।

गुरदासपुर (हरमन, गोराया): थाना पुराना शाला के अधीन आते ग्रामीण क्षेत्रों में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बीती रात अड्डा गाजीकोट में चोरों ने कथित तौर पर चार दुकानों को निशाना बनाते हुए शटर और ताले तोड़ दिए। इसके अलावा नजदीकी कृष्णा नगर में भी चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

अड्डा गाजीकोट स्थित पीहू कलेक्शन के मालिक अमित कुमार ने बताया कि देर रात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और जेंट्स पैंट, शर्ट, कुर्ते तथा रेडीमेड पैंट-कोट समेत बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक चोरी कर ले गए। दुकानदार के अनुसार चोरी हुए कपड़ों की कीमत करीब 8 लाख रुपये है। इसके अलावा गल्ले में रखी करीब 2 से 3 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। बताया जा रहा है कि चोर दुकान में लगा डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान से संबंधित फुटेज हाथ न लग सके।

इसी अड्डे पर चोरों ने एक पंचर की दुकान और फल-फ्रूट की दुकान के भी ताले तोड़ दिए। पंचर की दुकान से करीब 4 हजार रुपये की नकदी, जबकि फल की दुकान से फलों की पांच पेटियां चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसी तरह नजदीकी कृष्णा नगर में बिजली की मोटरों से संबंधित एक दुकान का ताला तोड़े जाने की घटना भी सामने आई है। एक ही रात अलग-अलग स्थानों पर हुई इन वारदातों ने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इन गांवों के आसपास करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में कोई पुलिस चौकी तक नहीं है। लगातार हो रही चोरियों से सहमे दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और पीसीआर तैनात करने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि यदि रात के समय पुलिस निगरानी मजबूत नहीं की गई तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा घटनाओं की जांच किए जाने के बाद ही चोरी हुए सामान और आरोपियों संबंधी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!