Edited By Vatika,Updated: 08 Aug, 2026 02:28 PM

धारीवाल में नहर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा छलांग लगाने का मामला सामने आया है
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया, हरमन): धारीवाल में नहर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धारीवाल नहर के पुल पर एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा और कथित तौर पर नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, छलांग लगाने से पहले उक्त व्यक्ति ने नहर के पुल के ऊपर एक कॉपी रखी थी, जिसमें कुछ लिखा हुआ था। कॉपी मिलने के बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुल तथा नहर के आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा पुल पर मिली कॉपी को भी अपने कब्जे में लेकर उसमें लिखी जानकारी की जांच की जा रही है। इसके साथ ही नहर में भी उक्त व्यक्ति की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल नहर में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।