जेल में बंद गैंगस्टर के नेटवर्क पर AGTF का बड़ा प्रहार, 2 शूटर हथियारों समेत दबोचे

Edited By Urmila,Updated: 13 Jun, 2026 05:26 PM

2 shooters arrested with weapons

पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जेल में बंद एक कुख्यात गैंगस्टर के नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए उसके दो कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया है।

बठिंडा (विजय वर्मा) : पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जेल में बंद एक कुख्यात गैंगस्टर के नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए उसके दो कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से दो अवैध .32 बोर देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगालने में जुट गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ चीमा निवासी गांव अकालिया कलां (बठिंडा) और अभिमान सिंह उर्फ अभि निवासी भगू वाली ढाणी, गांव खुंडेहालाल (श्री मुक्तसर साहिब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों फिरोजपुर क्षेत्र में सक्रिय और वर्तमान में जेल में बंद एक गैंगस्टर के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि बठिंडा की एजीटीएफ टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान कैंटोनमेंट बाइपास रिंग रोड की स्लिप रोड के पास झाड़ियों में बैठे दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और छिपने का प्रयास करने लगे। शक के आधार पर जब टीम ने उन्हें काबू कर तलाशी ली तो उनके पास से दो अवैध देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। 

जांच में यह भी सामने आया है कि कुलदीप सिंह उर्फ चीमा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले पहले से दर्ज हैं।  पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना सिविल लाइंस बठिंडा में मामला दर्ज कर लिया है। एजीटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपित किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या फिर जेल में बंद गैंगस्टर के इशारे पर हथियारों की सप्लाई और नेटवर्क को मजबूत करने का काम कर रहे थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!