बठिंडा में दिनदहाड़े युवक पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Edited By Kamini,Updated: 07 Aug, 2026 06:24 PM

youth attacked in bathinda

शहर के थाना कैनाल कॉलोनी के अधीन आते प्रताप नगर/अर्जुन नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों द्वारा एक 32 वर्षीय युवक पर दिनदहाड़े तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।

बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के थाना कैनाल कॉलोनी के अधीन आते प्रताप नगर/अर्जुन नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों द्वारा एक 32 वर्षीय युवक पर दिनदहाड़े तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे आगे रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार कुलवीर सिंह उर्फ बग्गी (32) किसी काम से गुरु नानक रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान लाल रंग की कार में सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जान को खतरा देख कुलवीर सिंह भागकर एक मेडिकल दुकान के अंदर घुस गया, लेकिन हमलावर उसका पीछा करते हुए दुकान में दाखिल हो गए और उस पर कुल्हाड़ी, किरपान और कापों सहित अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकानदार और मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके।

हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगे इलाज के लिए रेफर कर दिया। बाद में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल की माता परमजीत कौर ने बताया कि उसका बेटा इलाके की एक दुकान पर बैठा था। जब वह बाहर आया तो पीछे से आए कई युवकों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। परिवार के अनुसार हमले का कारण उन्हें पता नहीं है।

उधर, घायल को अस्पताल ले जा रहे उसके दोस्त ने भी इलाके के कुछ युवकों पर हमले का शक जताया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। मौके पर पहुंचे डीएसपी सरबजीत सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हमले के वास्तविक कारणों और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

थाना कैनाल कॉलोनी के प्रभारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि जैसे ही पुलिस को घटना की सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल के बयान दर्ज होने के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!