Edited By Vatika,Updated: 13 May, 2019 10:14 PM
नूरपुरबेदी ब्लाक के गांव शाहपुर बेला के एक नौजवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई । मृतक की पहचान सुखविन्दर सिंह के रूप में हुई है, जो पूर्व सरपंच राम सिंह का पुत्र था।
श्री कीरतपुर साहिब/नूरपुर बेदी(बाली/भंडारी): गांव हेठला शाहपुर बेला में गांव के ही 2 युवकों ने अन्य व्यक्तियों की मदद से आपसी रंजिश के चलते पूर्व सरपंच राम सिंह के 24 वर्षीय बेटे को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया गया।
मृत युवक के पिता राम सिंह ने बताया कि उनके पुत्र की कुछ दिन पहले हरमोल सिंह के साथ तकरार हुई थी जिसके बाद आज उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। थाना श्री कीरतपुर साहिब की पुलिस ने मृत युवक सुखविन्द्र सिंह (24) के पिता राम सिंह पूर्व सरपंच हेठला शाहपुर बेला के बयान के आधार पर गांव के ही नौजवान हरमोल सिंह पुत्र जसवीर सिंह और जसवीर सिंह पुत्र महा सिंह सहित कुछ अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के पिता राम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह और उनका भांजा घर में बैठे थे जबकि उनका पुत्र अपने खेतों में काम कर रहा था। इसी दौरान उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इस पर उन्होंने खेतों में जाकर देखा तो उनका पुत्र गिरा पड़ा था। उन्होंने जब उसे उठाया तो उसने उन्हें बताया कि गांव के हरमोल सिंह पुत्र जसवीर सिंह और जसवीर सिंह पुत्र महा सिंह ने अज्ञात व्यक्तियों की मदद से उसे गोली मारी है। इसके बाद वह अपने पुत्र को सरकारी अस्पताल सिंघपुर लेकर गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना श्री कीरतपुर साहिब के एस.एच.ओ. जतिन कपूर ने बताया कि मृत युवक के पिता के बयान के आधार पर हरमोल सिंह और जसवीर सिंह पुत्र महा सिंह सहित अज्ञात व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया गया है। शव पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब के शवगृह में रखवा दिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।