Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Dec, 2017 08:34 AM
फगवाड़ा से विधायक सोम प्रकाश, नगर निगम के मेयर अरुण खोसला व भाजपा के वरिष्ठ नेता तीक्षण सूद केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मिले। सोम प्रकाश व अरुण खोसला ने फगवाड़ा में रुके फ्लाईओवर का काम शीघ्र शुरू करवाने के संबंध में एक मांग...
फगवाड़ा(रूपिन्द्र कौर, जलोटा): फगवाड़ा से विधायक सोम प्रकाश, नगर निगम के मेयर अरुण खोसला व भाजपा के वरिष्ठ नेता तीक्षण सूद केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मिले। सोम प्रकाश व अरुण खोसला ने फगवाड़ा में रुके फ्लाईओवर का काम शीघ्र शुरू करवाने के संबंध में एक मांग पत्र भी गडकरी को दिया। इसके अलावा उन्होंने फगवाड़ा सिविल अस्पताल को जी.टी. रोड से जोडऩे के लिए भी एक नया रास्ता बनाने के बारे में विचार रखे।
सोम प्रकाश ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को सौंपे गए पत्र में कहा गया कि फगवाड़ा-लुधियाना रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर जिसका काम काफी लंबे समय से लटका पड़ा है, को जल्द से जल्द शुरू करवाया जाए। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के कारण शहर वासियों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फ्लाईओवर न बनने के कारण अक्सर बहुत सी दुर्घटनाएं होती हैं। कई बार तो लंबा जाम लग जाने की वजह से भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नितिन गडकरी ने सोम प्रकाश, अरुण खोसला एवं तीक्षण सूद को आश्वासन दिया है कि फगवाड़ा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का टैंडर अगले हफ्ते खुलने जा रहा है। कुल 263 करोड़ रुपए की लागत से यह फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा सिविल अस्पताल को जी.टी. रोड से जोडऩे के लिए भी एक नए रास्ते का निर्माण करवाया जाएगा जिससे मरीजों को आपात्काल की स्थिति में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा फगवाड़ा शहर की सड़कों को चौड़ा करने का काम भी जारी है जोकि जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।