Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Aug, 2017 09:07 AM
गांव माहमदपुर में अपने घर पर कब्जा होने के बाद इंसाफ लेने की खातिर एक मुस्लिम महिला टंकी पर चढ़ गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया।
शेरपुर(अनीश): गांव माहमदपुर में अपने घर पर कब्जा होने के बाद इंसाफ लेने की खातिर एक मुस्लिम महिला टंकी पर चढ़ गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया।जानकारी के अनुसार गांव माहमदपुर की मुस्लिम महिला शकूरा ने बताया कि उसके जेठ और जेठानी पिछले लंबे समय से लुधियाना में रह रहे हैं। उन्होंने अपना हिस्सा कथित तौर पर बेच दिया था परन्तु गत दिनों वे कई महिलाओं तथा व्यक्तियों को साथ लेकर आए और उनके घर पर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने उसकी पुत्रवधू की बेरहमी से पिटाई की जिसे संगरूर के अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
शकूरा ने बताया कि इससे पहले भी 20 जून 2017 को इन्हीं लोगों ने उनके घर पर हमला करके घर की छत गिरा दी थी। जिस बाबत थाना शेरपुर में मामला दर्ज करवाया गया किंतु पुलिस ने इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इस मौके पर मौजूद मनरेगा मजदूर यूनियन (सीटू) के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह फरवाही, भट्टा मजदूर यूनियन पंजाब के महासचिव प्रीतम सिंह और जिलाध्यक्ष परमजीत सिंह ने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस राजनीतिक शह पर कार्रवाई करने से हाथ खींच रही है।
हालात यह हैं कि मकान की छत गिरने के कारण यह परिवार ऐसे ही गुजारा करने को विवश है, वहीं गांव के सरपंच सूरजभान ने कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार को इंसाफ देकर मामले को शांत करे। सूचना पाते ही थाना प्रभारी हरसंदीप सिंह गिल मौके पर पहुंचे जिन्होंने उक्त महिला को पूर्ण इंसाफ देने का आश्वासन दिया जिसके बाद महिला टंकी से नीचे उतर आई।बातचीत करते एस.एच.ओ. हरसंदीप सिंह ने कहा कि इस मामले में कानून मुताबिक बनती कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो।