Edited By Urmila,Updated: 06 Sep, 2026 01:44 PM

थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने गांव मोरांवाली में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला और उसके बेटे से मारपीट करने...
फरीदकोट (राजन): थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने गांव मोरांवाली में जमीनी विवाद को लेकर एक महिला और उसके बेटे से मारपीट करने, महिला के हाथ-पैर बांधने तथा कपड़े फाड़कर बेइज्जत करने के आरोप में उसके पति, सास-ससुर समेत 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में अमनदीप कौर पत्नी कुलजीत सिंह निवासी मोरांवाली ने बताया कि उसकी शादी करीब 17 वर्ष पहले कुलजीत सिंह के साथ हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था, जिसके चलते वह अपने बच्चों सहित अपने मायके गांव गोलेवाला चली गई थी।
उसने बताया कि पति द्वारा माफी मांगने और वापस घर आने के लिए कहने पर वह 2 सितंबर को अपने ससुराल गांव मोरांवाली आई थी। आरोप है कि वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की तथा कपड़े फाड़कर उसे बेइज्जत किया। इसके अलावा उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर ने उसके हिस्से की जमीन बांटकर उन्हें दी थी। उक्त जमीन को लेकर आरोपी उसके पति को उसके खिलाफ भड़काकर जमीन हड़पना चाहते थे। उसके द्वारा इसका विरोध किए जाने के कारण आरोपी उसके साथ विवाद करते रहते थे।
घायल अमनदीप कौर को इलाज के लिए जी.जी.एस.एम.सी. अस्पताल फरीदकोट में भर्ती करवाया गया। इसके बाद चौकी कलेर के इंचार्ज सहायक थानेदार राज सिंह ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर थाना सदर फरीदकोट में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाकर जांच शुरू कर दी।
नामजद आरोपियों की पहचान कुलजीत सिंह पुत्र सोभा सिंह, सुरजीत सिंह पुत्र बोगा सिंह, बेअंत कौर पत्नी सुरजीत सिंह, अनमोल सिंह पुत्र सुरजीत सिंह, सोभा सिंह पुत्र इंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह पुत्र सोभा सिंह, गुरमीत कौर पत्नी गुरप्रीत सिंह, हरमनदीप सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह, कश्मीर कौर पत्नी बोगा सिंह, निशान सिंह पुत्र नामालूम तथा हरजिंदर सिंह पुत्र हरबंस सिंह, सभी निवासी गांव मोरांवाली, जिला फरीदकोट, के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here