Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jun, 2017 02:54 PM
गांव कोठागुरु में घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
भगता भाई (प्रवीन): गांव कोठागुरु में घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार कर्मजीत कौर की शादी गुरसेवक सिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी कोठागुरु के साथ करीब 14 वर्ष पहले हुई थी और जिनमें अक्सर झगड़ा होता रहता था।
मृतका के भाई जगसीर सिंह ने बताया कि 2 दिन पहले गुरसेवक सिंह के फोन करने पर वह अपनी बहन को उसके ससुराल घर छोड़कर गया था परन्तु कल दोनों में फिर झगड़ा हो गया। उसकी बहन ने उसे ससुराल से ले जाने के लिए फोन किया। इस पर आज जगसीर सिंह अपनी पत्नी के साथ कर्मजीत कौर को ले जाने हेतु कोठागुरु आया। उसने बताया कि जब कर्मजीत कौर ने अपने बच्चों को साथ ले जाने की बात की तो जसविंद्र सिंह उसके साथ झगड़ा करने लगा।
गुस्से में आकर उसने अपना रिवॉल्वर निकालकर कर्मजीत पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली कर्मजीत सिंह की छाती में लगी और वह गंभीर रूप में घायल हो गई। घायल हालत में कर्मजीत कौर को भटिंडा ले जाया जा रहा था कि गोनियाना मंडी में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। सूत्रों अनुसार इसी दौरान गुरसेवक सिंह के सिर में चोट लग गई थी। पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है और अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।