Edited By Vatika,Updated: 19 Dec, 2020 09:28 AM
उत्तर भारत के साथ पहाड़ी राज्यों में भी सर्दी का मौसम सताने लगा है।
चंडीगढ़(एजैंसियां) : उत्तर भारत के साथ पहाड़ी राज्यों में भी सर्दी का मौसम सताने लगा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में सबसे बुरा हाल है। यहां ज्यादातर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे है। कश्मीर के शोपियां में ठंड की वजह से पानी की पाइप लाइन फट गई। उससे निकला पानी हवा में ही जम गया। कश्मीर के ही द्रास में पारा-28.5 डिग्री पहुंच गया है।
इसके अलावा राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान माइनस में है। 21 और 22 दिसम्बर तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। इसके बाद 31 दिसम्बर तक भारी बर्फ गिरने की उम्मीद नहीं है। श्रीनगर में रात का तापमान-6 और पहलगाम में-9.2 डिग्री रहा। वहीं पंजाब में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। उधर बर्फीली हवाओं की वजह से दिल्ली में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। उधर अंबाला, करनाल, हिसार, रोहतक, लुधियाना,बठिंडा का पारा क्रमश: 3 डिग्री रह गया। पंजाब में भीषण ठंड के चलते हलवारा तथा अमृतसर का पारा शून्य दशमलव चार डिग्री तक रिकार्ड किया गया।
पठानकोट 3 डिग्री ,पटियाला 4 डिग्री, आदमपुर 1 डिग्री, फरीदकोट 1 डिग्री,गुरदासपुर 6 डिग्री, दिल्ली 4 डिग्री,भिवानी 4 डिग्री और सिरसा 5 डिग्री रहा। शिमला 4 डिग्री, धर्मशाला 2 डिग्री, मंडी 1 डिग्री, नाहन 6 डिग्री रहा और कुछ स्थानों पर पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया। सुंदरनगर शून्य से कम 3 डिग्री, कांगड़ा शून्य तक,सोलन शून्य के आसपास,भूंतर शून्य से कम एक डिग्री रहा। उधर मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले सप्ताह के दौरान उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और एक हफ्ते बाद ही थोड़ी राहत की उम्मीद की जा सकती है।