Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jun, 2017 10:30 AM
नगर में मूसलाधार वर्षा से मौसम में भारी बदलाव आया और जून माह में इस तरह के मौसम, वर्षा और ठंडी हवाओं का नगर के लोगों ने खूब आनंद उठाया। लगभग 3 बजे के बाद नगर में अचानक घने काले बादल एवं ठंडी हवाओं के उपरांत एकाएक जोरदार मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई और...
अमृतसर (कक्कड़): नगर में मूसलाधार वर्षा से मौसम में भारी बदलाव आया और जून माह में इस तरह के मौसम, वर्षा और ठंडी हवाओं का नगर के लोगों ने खूब आनंद उठाया। लगभग 3 बजे के बाद नगर में अचानक घने काले बादल एवं ठंडी हवाओं के उपरांत एकाएक जोरदार मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई और राहगीर वर्षा में भीगते नजर आए।
लगभग एक घंटे की जोरदार वर्षा के बाद नगर के अनेक निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। इतने काले व घने बादल छा गए कि कई वाहन चालकों ने वाहनों की हैड लाइट जगा ली। सड़कों पर जाने वाली युवतियां वर्षा से बचने के लिए चुनरी ओढ़ती नजर आईं, लेकिन तब तक वे वर्षा के पानी से भीग चुकी थीं।
बारिश धान की फसल के लिए लाभदायक
इस वर्षा को लेकर किसान बहुत खुश हैं, क्योंकि जून माह की वर्षा धान की फसल के लिए लाभदायक है। कुछ किसानों ने यह भी बताया कि मार्च माह में मौसम विभाग ने मौसम को लेकर जो भविष्यवाणी की थी उससे काफी चिंता थी लेकिन उक्त भविष्यवाणी के विपरीत मौसम में बदलाव के अंतर्गत धान की फसल और आगामी सब्जियों की फसल के लिए भी जून माह की वर्षा लाभदायक है।
तापमान में भारी कमी, सड़कों पर भरा पानी
नगर में हुई मूसलाधार वर्षा से तापमान में भी भारी कमी आई है और आगामी 2-3 दिन तक नगर के तापमान में कमी आती रहेगी। आज हुई मूसलाधार वर्षा का आनंद बच्चों ने खूब लिया जो वर्षा में ही खेलते-दौड़ते नजर आए, लेकिन एक घंटे तक हुई वर्षा से नगर का जनजीवन ठप्प होकर रह गया। राह चलते लोग वर्षा से बचने के लिए इधर-उधर आश्रय ढूंढते नजर आए। नगर की अनेक सड़कों का भी सीवरेज बंद रहने के कारण वर्षा का पानी जमा हो गया। वहीं मानसून की वर्षा से पूर्व यदि नगर निगम ने नगर की सीवरेज प्रणाली ठीक न की तो वर्षा में नगर की जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।