Edited By Urmila,Updated: 24 Jul, 2026 04:32 PM

बठिंडा जिले के गांव डिख में जमीन और सिंचाई के लिए पानी की बारी को लेकर चल रहा पुराना पारिवारिक विवाद शुक्रवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया।
बठिंडा (विजय वर्मा) : बठिंडा जिले के गांव डिख में जमीन और सिंचाई के लिए पानी की बारी को लेकर चल रहा पुराना पारिवारिक विवाद शुक्रवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान 24 वर्षीय युवक आकाशदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके पिता हरजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के परिवार ने उसके सगे ताऊ कुलवंत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से जमीन के बंटवारे और खेतों में पानी लगाने की बारी को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में कई बार पंचायत और प्रशासन के पास शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन मामले का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। शुक्रवार सुबह आकाशदीप सिंह अपने पिता हरजिंदर सिंह के साथ खेतों में पानी लगाने गया था। इसी दौरान पानी की बारी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
परिवार का आरोप है कि इस दौरान कुलवंत सिंह ने नलकूप की लोहे की हत्थी (हब्बी) से आकाशदीप सिंह के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उसके पिता हरजिंदर सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल रामपुरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने आकाशदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरजिंदर सिंह का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बलियावाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और जांच के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, आकाशदीप सिंह की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है। घर के इकलौते कमाने वाले युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में शोक और तनाव का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान कर दिया जाता, तो शायद यह खूनी घटना टाली जा सकती थी। पुलिस ने मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here