Edited By Kamini,Updated: 22 Aug, 2026 06:20 PM

इलाके में तेंदुए के वायरल वीडियो से दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
तलवाड़ा (जोशी): इलाके में तेंदुए के वायरल वीडियो से दहशत का माहौल पैदा हो गया है। कंडी क्षेत्र के ब्लॉक तलवाड़ा के अधीन आते गांव बडाला में पिछले महीने एक घर के भीतर घुसकर तेंदुए द्वारा गाय के बछड़े को मारने की घटना अभी लोगों के मन से भूली भी नहीं थी कि अब 'मिनी चंडीगढ़' के रूप में जाने जाते तलवाड़ा शहर में तेंदुआ देखे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद तलवाड़ा शहर और आसपास के पूरे कंडी इलाके के निवासियों में भारी डर और दहशत का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो तलवाड़ा शहर के सेक्टर 2 में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और वशिष्ठ भारती स्कूल के बीच पड़ने वाले जंगल के इलाके का बताया जा रहा है। आवासीय क्षेत्र और स्कूल के इतने करीब तेंदुए की मौजूदगी की खबर ने स्थानीय लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
इलाका निवासियों ने बताया कि जंगली जानवरों का आवासीय क्षेत्रों की ओर आने के कारण आम लोगों का शाम के समय घरों से बाहर निकलना भी दुश्वार हो गया है। तलवाड़ा शहर और आसपास के लोगों ने वन्यजीव संरक्षण विभाग और उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से जोरदार मांग की है कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित इलाके में पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द से जल्द काबू किया जाए और वन विभाग की टीमों द्वारा इलाके में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here