Edited By Kamini,Updated: 11 Sep, 2026 05:08 PM

‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत फरीदकोट पुलिस के सी.आई.ए. स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन समेत 2 युवकों को गिरफ्तार किया है।
फरीदकोट (राजन) : ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत फरीदकोट पुलिस के सी.आई.ए. स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन समेत तरनतारन जिले से संबंधित 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस संबंध में थाना सदर फरीदकोट में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.एस.पी. फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदागर सिंह उर्फ घुल्ला (28) पुत्र सलविंदर सिंह निवासी करमूवाला, जिला तरनतारन तथा कंवलजीत खान उर्फ कम्मू (27) पुत्र मंगा निवासी करमूवाला, जिला तरनतारन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को एस.आई. हाकम सिंह, सहायक इंचार्ज सी.आई.ए. स्टाफ की अगुवाई में पुलिस पार्टी द्वारा अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर गांव चंदबाजा के नजदीक नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तलवंडी भाई की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे 2 युवकों ने पुलिस पार्टी को देखकर मोटरसाइकिल पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया।
डी.एस.पी. (डी) फरीदकोट अवतार सिंह राजपाल की निगरानी में की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह खेप सीमावर्ती क्षेत्र से लाकर फरीदकोट तथा आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। एस.एस.पी. बैंस ने बताया कि आरोपियों के बैकवर्ड व फारवर्ड लिंक, सप्लाई चेन तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि कंवलजीत खान उर्फ कम्मू के खिलाफ पहले भी थाना चोहला साहिब, जिला तरनतारन में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज पाया गया है। इस संबंध में थाना सदर फरीदकोट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here