Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 May, 2018 10:56 PM
पंजाब नेता विपक्ष सुखपाल खैहरा ने कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर चल रही प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
चंडीगढ़(सोनिया) : पंजाब नेता विपक्ष सुखपाल खैहरा ने कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर चल रही प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलते कहा कि उन्होंने सरकार बनाने को लेकर नियमों को ताक पर रख दिया। खैहरा ने कर्नाटक में लोकतंत्र की हुई हत्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुझे कैप्टन की चुप्पी से डर लग रहा है, क्या यह बीजेपी के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों का बोझ है? क्या वह इस तरह अपने नेता राहुल गांधी का समर्थन कर रहे हैं?
वहीं खैहरा के ट्वीट का जवाब देते कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने लिखा कि कर्नाटक में लोकतंत्र का सरेआम नरसंहार किया गया जो भारत के भविष्य और संविधान के लिए खतरनाक है। अब सभी लोगों की नजर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है जिस पर हमारे देश की नींव खड़ी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कर्नाटक में राज्यपाल द्वारा भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने पर तीखा प्रतिक्रम देते हुए ट्वीट किया कि कर्नाटक में लोकतंत्र से निर्लजतापूर्ण खिलवाड़ किया गया है और इसका रूप-रंग बुरी तरह से बिगाड़ते हुए लोकतंत्र की हत्या की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बड़ा ही हैरानीजनक फैसला है ताकि येद्दियुरप्पा सत्ता में आकर विपक्ष को तोडऩे की कोशिश कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पहले तो येद्दियुरप्पा को मुख्यमंत्री की शपथ लेने के लिए आमंत्रित नहीं किया जाना चाहिए फिर राज्यपाल ने उन्हें बहुतमत साबित करने के लिए 15 दिन का समय दे दिया। इससे विधायकों की खरीदो-फरोख्त ही होगी। राज्यपाल ने संविधान व लोकतंत्र को छिनभिन्न करके रख दिया है।
उन्होंने कहा कि कम से कम गोवा तथा मणिपुर में चुनावों के बाद हुए गठबंधन की तरह कर्नाटक में भी राज्यपाल को उसकी पालना करनी चाहिए थी। राज्यपाल को उस पार्टी व गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए था जिसके पास सदन में बहुमत हो। उन्होंने कहा कि लोगों की नजरें अब सुप्रीमकोर्ट की तरफ टिकी हुई हैं कि वह किसी भी तरह भारतीय संविधान व उसके नियमों को टूटने से बचाए तथा ऐसा करके सुप्रीमकोर्ट भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली को टूटने से बचा सकती है। सुप्रीमकोर्ट को संविधान के बनाए नियमों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक प्रणाली शुरू से ही मजबूत रही है तथा इसे कमजोर करने के प्रयासों का कांग्रेस द्वारा डट कर विरोध किया जाएगा।