Edited By Vaneet,Updated: 30 Nov, 2018 09:22 PM
दो सप्ताह पूर्व फाजिल्का से कांग्रेस के राज्य के सबसे युवा विधायक दविन्द्र सिंह घुबाया व थाना सिटी की प्रभारी लवमीत कौर के मध्य हुई ....
फाजिल्का(नागपाल, लीलाधर): दो सप्ताह पूर्व फाजिल्का से कांग्रेस के राज्य के सबसे युवा विधायक दविन्द्र सिंह घुबाया व थाना सिटी की प्रभारी लवमीत कौर के मध्य हुई तकरार की आडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इस आडियो क्लिप में विधायक घुबाया द्वारा उनके कार्यकत्र्ता का काम न करने व उनका फोन न सुनने पर उन्हें स्थानांतरण करने की धमकी दी थी। जबकि थाना प्रभारी ने उन्हें ‘सभ्य’ ढंग से बात करने को कहा था। इसके बाद भाजपा जिला फाजिल्का ने थाना प्रभारी के पक्ष में तथा विधायक के विरुद्ध रोष मार्च निकाला था तथा महिला अधिकारी के साथ इस तरह से बात करने पर विधायक की निंदा की थी। इसके अतिरिक्त भी महिला अधिकारी के साथ इस बात करने पर विधायक घुबाया की आलोचना हुई थी।
इसके बाद आज 7 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं जिसमें थाना प्रभारी लवमीत कौर भी शामिल है। लवमीत कौर को थाना सिटी फाजिल्का से प्रभारी थाना सिटी जलालाबाद लगाया गया है। इसके अतिरिक्त बताया जाता है कि थाना सदर फाजिल्का के प्रभारी इंस्पैक्टर संजीव कुमार को थाना सदर अबोहर में बदला गया है। थाना जलालाबाद के प्रभारी भूपिन्द्र सिंह को थाना सिटी फाजिल्का में प्रभारी लगाया गया है। इंस्पैक्टर बचन सिंह को पुलिस लाइन्स फाजिल्का, वेद प्रकाश को थाना अरनीवाला से अबोहर, इकबाल खान को थाना सदर फाजिल्का का प्रभारी, अंग्रेज कुमार थाना सदर प्रभारी अबोहर को फाजिल्का लगाया गया है।