वंदे भारत की चपेट में आई नाबालिग छात्रा, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

Edited By Kamini,Updated: 13 Jun, 2026 05:31 PM

student hit by vande bharat train

वंदे भारत की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्रा की मौत होने की खबर सामने आई है।

बठिंडा (विजय वर्मा): वंदे भारत की चपेट में आने से 17 वर्षीय छात्रा की मौत होने की खबर सामने आई है। शनिवार सुबह स्थानीय रेलवे प्लेटफार्म के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय एक 17 वर्षीय युवती की तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से रामपुरा फूल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं एक होनहार छात्रा के साथ उसके सुनहरे सपने भी हमेशा के लिए बिखर गए।

मृतका की पहचान नीलम कौर (17) पुत्री राजू सिंह निवासी गांधी नगर, रामपुरा फूल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सहारा समाजसेवा संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे और जीआरपी की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार नीलम के पिता राजू सिंह सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दो भाई-बहनों में अपने भाई से छोटी नीलम ने हाल ही में 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और आगे चलकर कानून की पढ़ाई कर वकील बनने का सपना संजोए हुए थी। शनिवार सुबह वह किसी काम से घर से निकली थी। सुबह करीब 9:40 बजे रेलवे लाइन पार करते समय बठिंडा से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार को जैसे ही घटना की सूचना मिली, घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रेलवे पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार नीलम पढ़ाई में काफी होनहार थी और 12वीं की परीक्षा पूरी करने के बाद एलएलबी कर वकील बनने की इच्छा रखती थी। लेकिन एक पल की इस दर्दनाक दुर्घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं और एक बेटी के साथ उसके सपने भी हमेशा के लिए समाप्त हो गए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!