Edited By Urmila,Updated: 09 Jun, 2026 03:03 PM

ऑल ट्रेड यूनियन दोराहा की ओर से शहर के समस्त व्यापारिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
दोराहा (विनायक): ऑल ट्रेड यूनियन दोराहा की ओर से शहर के समस्त व्यापारिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी नेताओं और सदस्यों ने भाग लेते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी गर्मियों की छुट्टियों के दौरान निकलने वाली सद्भावना यात्रा के मद्देनजर 26, 27 और 28 जून (शुक्रवार, शनिवार और रविवार) को दोराहा शहर के समस्त बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखे जाएंगे।
बैठक के दौरान व्यापारिक नेताओं ने कहा कि सद्भावना यात्रा केवल एक धार्मिक अथवा सामाजिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, एकता और सांझी संस्कृति का प्रतीक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शहर के समस्त व्यापारियों द्वारा इन तीन दिनों के बंद को पूर्ण सहयोग देने का निर्णय लिया गया है, ताकि इस यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दिया जा सके। यूनियन की ओर से सभी दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की गई कि वे तीन दिनों के दौरान अपनी दुकानें बंद रखकर सद्भावना यात्रा के प्रति एकता और सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दें।
इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थित डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा ने व्यापारियों द्वारा उठाए गए ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग से संबंधित मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अवैध कब्जे कर लेते हैं, जिसके कारण न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि ग्राहकों को अपने वाहन खड़े करने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में चेयरमैन प्रीतम सिंह जग्गी, हरकेश कुमार हैप्पी वर्मा, वनीत मकौल, मोहित मल्होत्रा, केशवा नंद, अवतार सिंह मठाड़ू, मनदीप सिंह विक्की ओबराय, राजेश अबलिश, सतपाल तिवाड़ी, राका अबलिश, जसवीर सिंह, राजिंदर सिंह सहित शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here