Edited By Vatika,Updated: 18 Jun, 2026 04:03 PM

शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं के बीच अब दुकानदारों को निशाना बनाने
बठिंडा( विजय वर्मा): शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं के बीच अब दुकानदारों को निशाना बनाने वाला एक कथित शातिर फिर सक्रिय हो गया है। ताजा घटना में एक व्यक्ति ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया, दुकानदार को बातों में उलझाया और मौका मिलते ही गल्ले से करीब एक लाख रुपये की नकदी साफ कर फरार हो गया। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और रोष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वारदात वाल्मीकि चौक स्थित बाला जी गैस एजेंसी में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपित सामान्य ग्राहक की तरह दुकान पर पहुंचा और बातचीत के दौरान दुकानदार का ध्यान दूसरी ओर भटका दिया। कुछ ही पलों में उसने गल्ले में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी निकाल ली और चुपचाप वहां से निकल गया। जब तक दुकानदार को चोरी का अहसास हुआ, तब तक आरोपित काफी दूर जा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपित की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। नौजवान वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सोनू महेश्वरी ने दावा किया कि धोबियाना बस्ती निवासी एक व्यक्ति पर पहले भी इसी तरह की कई घटनाओं में संलिप्त होने के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति दुकानदारों को बातचीत में उलझाकर या उनका ध्यान भटकाकर नकदी चोरी करने का आदी है।
उन्होंने बताया कि 25 फरवरी 2026 को राम जी दास एंड कंपनी की दुकान से करीब 36 हजार रुपये की चोरी हुई थी, जबकि 18 अगस्त 2025 को एक किराना स्टोर को भी इसी तरीके से निशाना बनाया गया था। उस मामले में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया था। हालांकि, मौजूदा मामले में पुलिस की ओर से अभी किसी व्यक्ति के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। नौजवान वेलफेयर सोसायटी ने पुलिस प्रशासन से ऐसे शातिर तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दुकानदारों से भी सतर्क रहने की अपील की है। सोसायटी ने कहा कि दुकान पर आने वाले अजनबी लोगों पर नजर रखी जाए, गल्ले में अधिक नकदी रखने से बचा जाए और सीसीटीवी व अन्य सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं, ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।