Edited By Updated: 21 Apr, 2017 10:16 AM
वार्ड नंबर 43 के अंतर्गत आते कृष्णा नगर व हरबंस नगर की बदहाली को लेकर सांसद संतोख चौधरी ने दोनों इलाकों का दौरा किया।
जालंधर(चोपड़ा): वार्ड नंबर 43 के अंतर्गत आते कृष्णा नगर व हरबंस नगर की बदहाली को लेकर सांसद संतोख चौधरी ने दोनों इलाकों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर ही निगम अधिकारी एस.ई. कुलविन्द्र सिंह व एस.ई. लखविन्द्र सिंह को फटकार लगाई और दिशा-निर्देश देकर इन समस्याओं को हल करने को कहा। ब्लाक कांग्रेस के प्रधान हरजिन्द्र सिंह लाडा की अगुवाई में एकत्रित हुए कृष्णा नगर निवासियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। पानी में कीड़े-मकौड़े तक निकल रहे हैं। हर समय डायरिया, पीलिया व अन्य बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
निगम अधिकारियों को शिकायतें करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। सांसद चौधरी ने मौके पर मौजूद एस.ई. लखविन्द्र सिंह से सारी जानकारी जुटाई। एस.ई. ने बताया कि पेयजल सप्लाई की पुरानी पाइपों को बदला जाएगा, क्योंकि किसी स्थान पर लीकेज की वजह से पानी में सीवरेज का गंदा पानी मिक्स हो रहा है। उन्होंने बताया कि 24 घंटों में फाल्ट को ढंूढ लिया जाएगा। सांसद चौधरी ने निर्देश दिए कि तंग गलियों में पानी की पाइपें जमीन की बजाय ऊपर बिछाई जाए ताकि दोबारा ऐसे फाल्ट न हो सकें। हरबंस नगर में ठेकेदार ने नई बनाने के लिए 3 महीने पहले सड़कों को तोड़ा था।
इस दौरान लोगों के घरों के आगे बने रैम्प भी तोड़ दिए गए। अब ठेकेदार ने निर्माण कार्य रोक रखा है। इलाका निवासियों ने बताया कि इस कारण लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। सांसद चौधरी ने बी.एंड आर. विभाग के एस.ई. कुलविन्द्र सिंह को मौके पर बुलाया। एस.ई. ने बताया कि माइनिंग बंद होने के कारण रेत-बजरी के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है जिस कारण निर्माण कार्यों पर बुरा असर पड़ रहा है। सांसद चौधरी ने कहा कि मैटीरियल महंगा हो जाए या सस्ता लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाए। इस मौके पर नगर निगम में विपक्ष के नेता जगदीश राजा, भूपिंद्र सिंह जौली प्रदेश कांग्रेस के सचिव डा. मनजीत सरोआ, हरपाल सहोता, यश वोहरा, वाई.आर. शर्मा, अमित कोहली, जे.एस. गिल, नरेश कपूर व अन्य मौजूद थे।