Edited By Des raj,Updated: 31 Jul, 2018 12:36 AM
पुलिस जिला खन्ना अंतर्गत चहलां गांव के नजदीक कूड़ा बीनने वाले एक प्रवासी मजदूर का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। वारदात बीती रात की है। आज सुबह होने पर लोगों ने जब सड़क के किनारे लाश पड़ी देखी तो पुलिस को सूचित किया गया।
खन्ना(सुनील): पुलिस जिला खन्ना अंतर्गत चहलां गांव के नजदीक कूड़ा बीनने वाले एक प्रवासी मजदूर का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। वारदात बीती रात की है। आज सुबह होने पर लोगों ने जब सड़क के किनारे लाश पड़ी देखी तो पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर एस.पी. (आई) जसवीर सिंह तथा एस.एच.ओ. भूपिंदर सिंह अपनी फोर्स समेत पहुंचे। घटना वाली जगह के नजदीक से शराब की खाली बोतल पड़ी थी और पास ही पत्थर पड़ा था। पत्थर पर खून लगा हुआ था, जिससे लग रहा था कि पत्थर सिर में मारकर कत्ल किया गया है।
पुलिस ने लाश की पहचान कराने के लिए काफी देर तक उसे वहीं पर रखा, लेकिन पहचान न होने पर कानून मुताबिक 72 घंटों के लिए लाश को सिविल अस्पताल समराला में रखवा दिया गया है। माना जा रहा है कि शराब पीने के दौरान वहां हुए झगड़े के बाद कातिल ने वहां पड़े भारी पत्थर को उसके सिर पर मारा होगा। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई आरंभ कर दी है।
क्या कहना है एस.पी. (आई) का
इस संबंध में जब एस.पी. (आई) जसवीर सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि अज्ञात मृतक इलाके में कूड़ा बीनता था। उसका रिक्शा भी मौके से मिला है। पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।