Edited By Sunita sarangal,Updated: 07 Aug, 2026 05:11 PM

इस अभियान के दौरान खासतौर पर बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, दोपहिया वाहन पर ट्रिपल राइडिंग करने वाले और गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को पकड़ा गया।
रूपनगर(विजय): जिला रूपनगर में आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और चैकिंग बढ़ा दी गई है। इसके तहत एस.एस.पी. मनिंदर सिंह और एस.पी. अरविंद मीना के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 47 वाहनों के चालान काटे गए।
इस अभियान के दौरान खासतौर पर बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, दोपहिया वाहन पर ट्रिपल राइडिंग करने वाले और गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को पकड़ा गया। यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सब-इंस्पैक्टर सरबजीत सिंह और सहायक सब-इंस्पैक्टर अजय कुमार और दीदार सिंह ने बताया कि रूपनगर पुलिस लगातार शरारती और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल तत्वों पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी और चैकिंग की जा रही है ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट और गलत पार्किंग जैसे उल्लंघन न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि ये दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण भी हैं। इसलिए ट्रैफिक पुलिस आने वाले समय में भी ऐसे उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। जिला पुलिस ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने, अपने वाहनों पर नंबर प्लेट लगवाने और सड़कों पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here