Edited By Kalash,Updated: 17 Jun, 2026 04:26 PM

जिले के गांव चंदबाजा के नजदीक देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात में सफेद रंग की कार में सवार चार अज्ञात बदमाशों ने एक कैंटर चालक को डरा-धमकाकर मशीनों से भरा कैंटर लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
फरीदकोट (राजन): जिले के गांव चंदबाजा के नजदीक देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात में सफेद रंग की कार में सवार चार अज्ञात बदमाशों ने एक कैंटर चालक को डरा-धमकाकर मशीनों से भरा कैंटर लूट लिया और मौके से फरार हो गए। बदमाश कैंटर चालक को अपने साथ ले गए और कुछ दूरी पर छोड़कर पुलिस को शिकायत न करने की धमकी देते हुए कोटकपूरा की ओर फरार हो गए। थाना सदर पुलिस ने चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मामले संबंधी शिकायतकर्ता सतनाम सिंह पुत्र सुलक्खण सिंह निवासी गांव बग्गा खुर्द, तहसील लोपोके, जिला अमृतसर साहिब ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है और उसके पास पांच कैंटर हैं। इनमें से एक कैंटर नंबर पीबी-02-ईवी-9788 को उसका चालक मंधीर सिंह पुत्र चंद सिंह निवासी गांव संगतपुरा, थाना चोला साहिब, जिला तरनतारन चला रहा था।
उसने बताया कि 15 जून की शाम करीब 8:30 बजे उक्त कैंटर में गत्ता काटने वाली मशीनें लादकर अमृतसर से गुजरात के राजकोट शहर के लिए रवाना किया गया था। रात करीब 11 बजे चालक मंधीर सिंह गांव चंदबाजा से पहले स्थित एक ढाबे पर खाना खाने और कुछ देर आराम करने के लिए रुका। इसके बाद 16 जून की तड़के करीब 1 बजे वह दोबारा अपनी मंजिल की ओर रवाना हो गया।
शिकायत के अनुसार जैसे ही कैंटर गांव चंदबाजा के पास ओवरब्रिज से नीचे उतरा, तभी पीछे से आई सफेद रंग की कार में सवार चार व्यक्तियों ने अपनी कार कैंटर के बराबर लाकर उसे रुकवा लिया। कार रुकते ही बदमाश कैंटर के पास पहुंचे और चालक को डरा-धमकाकर जबरन कैंटर पर कब्जा कर लिया। इस दौरान वे चालक मंधीर सिंह को भी अपने साथ ले गए। पीड़ित चालक के बयान के अनुसार कुछ दूरी तय करने के बाद बदमाशों ने गांव कलेर के पास एक ढाबे से पहले कैंटर रोक लिया और उसे नीचे उतार दिया। जाते समय बदमाशों ने पुलिस के पास शिकायत न करने की धमकी दी और कैंटर लेकर कोटकपूरा की ओर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस हरकत में आ गई और चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान के साथ-साथ लूटे गए कैंटर की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here