Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Oct, 2017 10:28 AM
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के संबंध में आज पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा औपचारिक तौर पर
जालंधर(धवन): कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के संबंध में आज पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा औपचारिक तौर पर प्रस्ताव पास कर दिया गया जिसमें कहा गया है कि अब समय आ गया है जब सोनिया गांधी के स्थान पर राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंप देनी चाहिए।
पार्टी का नेतृत्व करने के लिए राहुल पूरी तरह सक्षमः कैप्टन
उल्लेखनीय है कि कई अन्य राज्यों में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव पास किए जा चुके हैं। राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के संबंध में प्रस्ताव को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा पार्टी की चंडीगढ़ में हुई बैठक में पेश किया गया। पंजाब के संगठनात्मक चुनाव करवाने के लिए नियुक्त पार्टी की चुनाव अधिकारी कुमारी शैलजा, पंजाब कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ व अन्य ने भी इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह पिछले कई दिनों से लगातार कहते आ रहे हैं कि राहुल गांधी को अब पार्टी की कमान सौंप देनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बदलाव की लहर चल पड़ी है। 2019 में होने वाले लोकसभा के आम चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए राहुल गांधी पूरी तरह से सक्षम हैं।
राहुल गांधी में पार्टी का नेतृत्व करने के पूरे गुणः जाखड़
उन्होंने कहा कि अमरीका में यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों से रू-ब-रू होते समय राहुल गांधी में लीडरशिप के गुण स्पष्ट दिखाई दिए जिसकी पूरे विश्वभर में सराहना हुई। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि राहुल गांधी में पार्टी का नेतृत्व करने के पूरे गुण मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अब राहुल को पार्टी अध्यक्ष की कमान सौंप देनी चाहिए। अब चूंकि कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है तथा इसे 31 अक्तूबर तक सम्पन्न किया जाना है जिसे देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि इस बार पार्टी राहुल गांधी को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर देगी। 31 अक्तूबर से पहले देश के विभिन्न राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक चुनावों को सम्पन्न कर लिया जाएगा।
पार्टी की कमान संभालने के लिए तैयार हैं राहुल
राहुल गांधी भी अब पार्टी की कमान संभालने के लिए तैयार बैठे हैं। जिस तरह से अनेकों राज्यों द्वारा राहुल गांधी के हक में प्रधान बनाने के संबंध में प्रस्ताव पारितकिए गए हैं उसे देखते हुए यह तय है कि संगठनात्मक चुनाव सम्पन्न करते समय राहुल को सर्वसम्मति के साथ पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। पंजाब कांग्रेस द्वारा जब राहुल को पार्टी का अध्यक्ष बनाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया तो उस समय कांग्रेस के अनेकों मंत्री व वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रजिन्द्र कौर भट्ठल, कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, ब्रह्म महिन्द्रा सहित कई अन्य विधायकों ने भी भाग लिया।