Edited By Naresh Kumar,Updated: 19 Apr, 2018 10:29 AM
पंजाब कैबिनेट का विस्तार एक बार फिर टल गया है।
जालंधर (नरेश): पंजाब कैबिनेट का विस्तार एक बार फिर टल गया है। ‘पंजाब केसरी’ को कांग्रेस के दिल्ली स्थित उच्चस्तरीय सूत्रों ने जानकारी दी है कि कैबिनेट में विस्तार 29 अप्रैल के बाद होगा। हालांकि कैबिनेट विस्तार की तैयारी को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह 19 अप्रैल को कांग्रेस प्रधान राहुल गांधी को मिल रहे हैं और विस्तार की खबरों के चलते पंजाब के लगभग सभी कैबिनेट मंत्री और लाल झंडे वाली कार के इच्छुक कई विधायक दिल्ली में डेरा लगा कर बैठे हैं परन्तु इन विधायकों का झंडे वाली कार का इंतजार 10 दिन और बढ़ गया है।
क्यों टला विस्तार?
दरअसल कांग्रेस ने 29 अप्रैल को दिल्ली में रैली रखी हुई है और पार्टी इस रैली की तैयारियों में जुटी है। रैली से पहले कैबिनेट का विस्तार करके पार्टी पंजाब में किसी तरह की गुटबाजी या नाराजगी को जन्म नहीं देना चाहती। लिहाजा विस्तार 29 अप्रैल के बाद ही किया जाएगा। हालांकि कल होने वाली मीटिंग में राहुल गांधी के साथ कैबिनेट में शामिल किए जाने वाले संभावित चेहरों पर अंतिम मोहर जरूर लग सकती है परन्तु इसका ऐलान 29 अप्रैल के बाद ही होगा। कैबिनेट विस्तार में देरी का दूसरा बड़ा कारण कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सी.डब्ल्यू.सी.) का गठन होना अभी बाकी है और यह माना जा रहा है कि पंजाब में से भी विधायकों को इस कमेटी में जगह मिल सकती है। लिहाजा जब तक सी.डब्ल्यू.सी. का पूरी तरह गठन नहीं हो जाता तब तक कैबिनेट विस्तार की संभावना नहीं है। सी.डब्ल्यू.सी. का गठन भी 29 अप्रैल से पहले नहीं हो रहा।