Edited By Subhash Kapoor,Updated: 01 Oct, 2026 11:16 PM

नशामुक्त पंजाब यात्राओं और जालंधर में आयोजित विशाल समापन रैली की सफलता तथा उसके जमीनी प्रभाव पर मंथन के लिए पंचकूला में पंजाब भाजपा की दो दिवसीय मंथन बैठक आज शुरू हो गई। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष विशेष रूप से पहुंचे...
चंडीगढ़ : नशामुक्त पंजाब यात्राओं और जालंधर में आयोजित विशाल समापन रैली की सफलता तथा उसके जमीनी प्रभाव पर मंथन के लिए पंचकूला में पंजाब भाजपा की दो दिवसीय मंथन बैठक आज शुरू हो गई। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष विशेष रूप से पहुंचे हैं।
इस बैठक की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों कर रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पंजाब की प्रदेश सह-प्रभारी श्रीमती अलका गुर्जर तथा प्रदेश महासचिव (संगठन) मंत्री श्रीनिवासुलु भी मौजूद हैं।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अनुसार, ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत चलाए गए जनसंपर्क अभियान, लोगों की ओर से मिले समर्थन और नशे के मुद्दे पर पार्टी द्वारा चलाए गए अभियान के प्रभाव को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया जा रहा है। यात्राओं के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर लोगों से किए गए संपर्क और उनसे मिले फीडबैक पर भी चर्चा की जा रही है।
बैठक में सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ संगठन को और मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है। यह बैठक 2 अक्टूबर को भी जारी रहेगी।
‘भाजपा का नारा—नशा मिटाना सारा’ के बैनर तले भाजपा ने 18 से 30 सितंबर तक नशामुक्त यात्रा निकाली, जिसने 13 दिनों के दौरान पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में 4 हजार किलोमीटर की दूरी तय की।
पंजाब भाजपा ने इस अभियान को राजनीतिक के बजाय सामाजिक आंदोलन के रूप में प्रस्तुत किया और समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में सरकार बनने के बाद 31 दिसंबर 2029 तक नशा खत्म करने की समयसीमा भी घोषित की।
