Edited By Kamini,Updated: 09 Jul, 2026 05:15 PM

शहर में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा खौफनाक कदम उठाने का मामला सामने आया है।
बठिंडा (विजय वर्मा): शहर में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा खौफनाक कदम उठाने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी विवाद से परेशान होकर 22 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर द्वारा सल्फास निगलकर आत्महत्या कर ली गई। युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना थर्मल पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शुगन बांसल (22) पुत्र आशु बांसल निवासी बल्लाराम नगर के रूप में हुई है। परिवार पहले अफीम वाली गली क्षेत्र में रहता था। शुगन प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। मृतक की मां मीनाक्षी बांसल ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि भागू रोड निवासी रूस्तम दत्त के साथ उनके बेटे का एक प्रॉपर्टी सौदे को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते रूस्तम दत्त पिछले कुछ समय से फोन कॉल और संदेशों के माध्यम से लगातार धमकियां दे रहा था।
परिजनों के अनुसार लगातार मिल रही कथित धमकियों से शुगन मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने बुधवार को घर में सल्फास निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना थर्मल के एसएचओ हरजोत सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयान के आधार पर आरोपी रूस्तम दत्त निवासी भागू रोड के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तारी व जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here