Edited By Kalash,Updated: 05 Nov, 2026 02:47 PM

ब्रिटेन में फगवाड़ा के मशहूर चिकित्सक डॉ. के.के. वर्मा की सुपुत्री डॉ. शिवानी वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने की दुखद सूचना मिली है।
फगवाड़ा (जलोटा): ब्रिटेन में फगवाड़ा के मशहूर चिकित्सक डॉ. के.के. वर्मा की सुपुत्री डॉ. शिवानी वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने की दुखद सूचना मिली है। चाहल नगर निवासी डॉ. वर्मा के परिवार को डॉ. शिवानी वर्मा की मौत हो जाने की जानकारी मिलते ही पीड़िता के घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई हैं। अभी तक मिली जानकारी अनुसार ब्रिटेन स्थित आवास में संदिग्ध रूप से आग लगने के कारण दम घुटने से डॉ. शिवानी की मृत्यु हुई है। मृतका के पिता डॉ. के.के. वर्मा और भाई डॉ. ललित वर्मा ने शिवानी के ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना, मारपीट तथा हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों का कहना है कि ब्रिटेन पुलिस ने उन्हें मोबाइल फोन पर घटना की सूचना दी जिसके बाद उन्होंने वहां रह रहे अपने नजदीकी रिश्तेदारों के जरिए पूरे मामले की जानकारी जुटाई हैं। परिजनों का आरोप है कि डॉ. शिवानी का विवाह वर्ष 2023 में फगवाड़ा के एक गांव में रहने वाले युवक के साथ हुआ था। विवाह के बाद डॉ. शिवानी ने ही अपने पति को ब्रिटेन बुलवाया था। मृतका के मायके पक्ष के परिजनों का गंभीर आरोप हैं कि वहां पहुंचने के बाद से ही आरोपी पति अपनी पत्नी के साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करता था।
डॉ. शिवानी के भाई ने बताया कि आरोपी पति नशे का आदी था और पूर्व में भी कई बार पीड़िता के साथ गंभीर मारपीट कर चुका था। रक्षाबंधन के दौरान ब्रिटेन दौरे का जिक्र करते हुए भाई ने दावा किया कि उस समय भी बहन की आंखों पर चोट के निशान थे और उसके साथ मारपीट की गई थी। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पति अपनी पत्नी की गाढ़ी कमाई से भारत पैसे भेजता था और यहां अपना निजी मकान बनवा रहा था।
परिजनों का कहना है कि वित्तीय लाभ पूरा हो जाने के बाद साजिश के तहत इस दर्दनाक घटना को अंजाम दिया गया हैं। इसके अलावा घटना के बाद विरोध जताने पर आरोपी के परिजनों की ओर से पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। इस घटना से स्तब्ध पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है और शिकायत दर्ज करवाई है। डॉ. वर्मा ने मांग की हैं कि ब्रिटेन और पंजाब पुलिस प्रशासन मिलकर इस मामले की निष्पक्ष जांच करें तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाए।
इसके साथ ही परिवार अपनी बेटी की पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए भारत वापस लाने के प्रयासों में जुटा हुआ है। पीड़ित परिवार ने भारत सरकार से अपील की हैं कि मृतका डॉ शिवानी का शव पंजाब (फगवाड़ा) में उसके मायके घर वापिस लाने में उनकी हर संभव मदद की जाए। वहीं आरोपी ससुराल पक्ष के परिजनों से संपंर्क कर उनका पक्ष जानने हेतु किए गए भरसक प्रयासों के पश्चात भी उनसे संपंर्क नहीं हो सका है। हालांकि इनके निकट सूत्रों ने लगाए जा रहे किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here