Ludhiana: 6 दिनों से पानी संकट से जूझ रहे लोग सड़कों पर उतरे, दी सख्त चेतावनी

Edited By Kamini,Updated: 23 May, 2026 03:10 PM

people facing water crisis

लुधियाना के जय शक्ति नगर इलाके में पिछले 6 दिनों से लगातार पानी की गंभीर समस्या को लेकर शनिवार को लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा।

लुधियाना (गणेश/सचिन):  लुधियाना के जय शक्ति नगर इलाके में पिछले 6 दिनों से लगातार पानी की गंभीर समस्या को लेकर शनिवार को लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच इलाके के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय तलवार के मेन टिब्बा रोड स्थित दफ्तर के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।

प्रदर्शन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कुछ दिन पहले भी शक्ति नगर के बाहर पानी की समस्या को लेकर धरना दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की। लोगों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतें करने के बावजूद भी उनकी समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

इलाका निवासियों ने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि घरों में पीने तक का पानी नहीं पहुंच रहा। लोगों का कहना था कि पिछले 6 दिनों से पूरा इलाका पानी के लिए तरस रहा है और भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का बुरा हाल हो चुका है। कई लोगों ने कहा कि उन्हें पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है जबकि कई घरों में खाना बनाने तक की दिक्कत पैदा हो गई है। धरने के दौरान लोगों ने “आम आदमी पार्टी मुर्दाबाद” और “पानी दो, जवाब दो” जैसे नारे लगाए। गुस्साए लोगों ने कहा कि इस समय शहर में जगह-जगह शबीले लगाई जा रही हैं, लेकिन उनके अपने घरों में पीने तक का पानी नहीं पहुंच रहा। लोगों ने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं तक लोगों को नहीं मिल पा रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान गर्मी और उमस के कारण कई लोगों की हालत खराब हो गई। कुछ प्रदर्शनकारियों को मौके पर बैठाकर पानी पिलाया गया और संभाला गया। हालात तनावपूर्ण होते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने और बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की। लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके के पास ही MLA, काउंसलर और मेयर के घर होने के बावजूद भी उनकी समस्या को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर जनप्रतिनिधियों के घरों में पानी बंद हो जाए तो शायद प्रशासन तुरंत हरकत में आ जाए, लेकिन आम जनता की परेशानियों की कोई सुनवाई नहीं हो रही।

इस दौरान पूर्व विधायक संजय तलवार भी लोगों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता ने 2022 में जनप्रतिनिधियों को इसलिए नहीं चुना था कि लोगों की आवाज ही न सुनी जाए। उन्होंने कहा कि जब हर काम पानी से ही चलता है तो सरकार इस सबसे जरूरी समस्या का समाधान क्यों नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में लोगों को बिना पानी के छोड़ना बेहद गंभीर मामला है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं धरने और रोड जाम के चलते कुछ समय के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी ट्रैफिक में फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब सड़कों पर लंबा जाम लगना आम बात बन गई है। हालांकि बाद में पुलिस ने रास्ता खाली करवाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी को आगे रवाना किया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!