Edited By Sunita sarangal,Updated: 29 Nov, 2019 02:03 PM
एक तरफ माता-पिता विदेश गए अपने बेटे के विवाह की तैयारियां कर रहे थे कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके बेटे की समुद्र में डूबने से मौत हो गई है।
गुरदासपुर: एक तरफ माता-पिता विदेश गए अपने बेटे के विवाह की तैयारियां कर रहे थे कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके बेटे की समुद्र में डूबने से मौत हो गई है। इस बात का पता चलते ही परिवार के सभी सपने टूट गए। परिवार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को नसली भेदभाव, केश कटवाने और शराब पीने के लिए जोर डाला जाता था, जिसके कारण उसका कत्ल कर शव को समुद्र में फेंका गया है। पारिवारिक सदस्यों ने भारत सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द उनके बेटे लक्ष्मण का शव भारत वापस लाया जाए। साथ ही जिला और केंद्र सरकार कत्ल करने वाले आरोपियों को भी सख्त से सख्त सजा दिलाए। उन्होंने सांसद सन्नी दयोल को इस बाबत पत्र भी लिखा है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण सिंह (22) पुत्र जसवंत सिंह निवासी दोसतपुर अमृतधारी सिक्ख था। वह चीन के वेअतनाम मरचैंट नेवी में तैनात था। पिता ने बताया कि 24 नवंबर को मृतक ने अपने ताया जी को फोन करके बताया था कि यहां उसे बहुत परेशान किया जाता है। मृतक की मां अकविंदर कौर ने बताया कि जब उसके बेटे के शव को निकाला जा रहा था तो उसके शरीर पर न तो कपड़े थे और न ही ककार। जिससे साफ पता चलता है कि उसका कत्ल कर शव को समुद्र में फेंका गया है।
मृतक के भाई ने बताया कि फरवरी 2020 में उसने छुट्टी पर घर आना था। परिवार द्वारा उसके विवाह की तैयारी की जा रही थी और उन्होंने लड़की भी देख रखी थी। पारिवारिक सदस्यों ने भारत और चीन की सरकार को मृतक की हत्या करने वाले आरोपियों को ढूंढकर सख्त से सख्त सजा दिलवाने की मांग की है।