Edited By Vatika,Updated: 02 Oct, 2026 03:55 PM

जोड़ा फाटक के पास दशमेश नगर की गली नंबर 2 में 8 साल की बच्ची और उसकी मां पर पड़ोस में रहने वाली एक
अमृतसर: जोड़ा फाटक के पास दशमेश नगर की गली नंबर 2 में 8 साल की बच्ची और उसकी मां पर पड़ोस में रहने वाली एक युवती द्वारा कथित तौर पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। बच्ची की मां प्रियंका ने बताया कि वह शाम के समय अपने बच्चों को गली की दुकान से सामान दिलाने गई थी। वापस लौटते समय पड़ोस में रहने वाली अनमोल नामक युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी। परिवार के मुताबिक, युवती ने कथित तौर पर प्रियंका को रुकने के लिए कहा। महिला डरकर मदद के लिए शोर मचाते हुए आगे बढ़ी तो आरोप है कि युवती ने पीछे से उसकी 8 साल की बेटी मान्या पर हमला कर दिया।
बच्ची को बचाने पहुंची मां पर भी हमला
परिवार के अनुसार, बेटी को बचाने के लिए प्रियंका वापस दौड़ी तो कथित हमलावर ने उस पर भी हमला कर दिया और उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद बच्ची के साथ मारपीट करने, उसका गला दबाने और चेहरे व रीढ़ की हड्डी पर मुक्के मारने के आरोप लगाए गए हैं। परिवार का यह भी आरोप है कि बच्ची को घसीटकर घर की ओर ले जाने की कोशिश की गई। घटना के दौरान आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बच्ची और उसकी मां को छुड़ाया। परिवार का कहना है कि हमले में दोनों घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती द्वारा बच्ची को ईंट से मारने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
बच्ची के पिता पंकज ने बताया कि उनकी बेटी पहली कक्षा में पढ़ती है और उसे पहले से नसों से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, जिसका पिछले कुछ वर्षों से इलाज चल रहा है। पंकज के अनुसार, उनका परिवार वर्ष 1978 से इस इलाके में रह रहा है और इससे पहले किसी पड़ोसी के साथ उनका कोई विवाद नहीं रहा। परिवार ने आरोप लगाया कि युवती के परिजन उसका बचाव कर रहे हैं और उसके मानसिक रूप से बीमार होने की बात कह रहे हैं। परिवार का कहना है कि यदि युवती की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या है तो उसे दूसरों पर हमला करने से रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और इंसाफ की मांग की है।
CCTV और मेडिकल दस्तावेजों की जांच
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंकज की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना से संबंधित CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया है। पुलिस के अनुसार, यदि युवती के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आती है तो उसके मेडिकल रिकॉर्ड और अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।