Edited By Sunita sarangal,Updated: 22 Dec, 2019 09:04 AM
3 युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
अमृतसर/बाबा बकाला(संजीव/अठोला): पंजाब की बिगड़ी कानून व्यवस्था में अमरीका से अपने परिवार को मिलने आए सिख युवक कुलवंत सिंह की 3 अज्ञात युवकों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात थाना ब्यास के गांव योद्धे में हुई, जहां बलवंत सिंह से मिलने आए 3 अज्ञात युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ 16 फायर किए और उसे कत्ल करने के बाद मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। कुलवंत सिंह के परिवार ने किसी पर भी दुश्मनी का शक जाहिर नहीं किया है, जबकि मौके पर पहुंची थाना ब्यास की पुलिस ने मृतक के पिता बलविन्द्र सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं उक्त युवक साढ़े 4 साल बाद अमरीका से ग्रीन कार्ड लेकर विवाह करवाने के लिए आया था।
गत दिवस बलवंत सिंह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारों के यहां श्री अखंड पाठ साहिब के भोग पर गया हुआ था, जहां उसने विवाह के लिए लड़की को भी देखा और उसकी 24 दिसम्बर को मंगनी तय हो गई। जब शनिवार शाम 7 बजे के करीब वह घर को लौट रहा था तो उसके पिता को उनके भतीजे हरमनप्रीत ने फोन पर बताया कि 3 युवक बलवंत सिंह से मिलने घर आए हैं, जिस पर उन्होंने उनको घर में बिठा कर चाय पिलाने को कहा, लेकिन वे ये कहकर चले गए कि 15 मिनट बाद फिर आएंगे।
शाम 7.15 बजे जब वह घर पहुंचे और बलवंत सिंह अपनी गाड़ी घर में पार्क कर रहा था तभी फिर वही युवक बाहर आए और उसे बुलाया। जब बलवंत सिंह दरवाजे पर पहुंचा तो उनमें से 2 युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ 16 फार किए और फरार हो गए। गोलियों से छलनी हुए बलवंत सिंह ने घर के गेट पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और थाना ब्यास के इंचार्ज एस.आई. किरणदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
फायरिंग की आवाज सुन बाहर भागे परिजन
मृतक बलवंत सिंह के बड़े भाई ने बताया कि रात्रि 7.30 बजे के करीब बलवंत सिंह अपनी गाड़ी लगाकर दूसरी गाड़ी में अपने किसी दोस्त को छोड़ने जा रहा था। इतने में घर के मेन गेट पर आए युवकों ने उस पर गोलियां चला दीं। बलवंत सिंह के पिता बलविन्द्र सिंह ने बताया कि वे लोग गाड़ी से उतर कर घर के अंदर चले गए थे और जैसे ही फायरिंग की आवाज सुनी तो वे सभी बाहर भागे जहां बलविन्द्र खून से लथपथ मृत पड़ा था।