Edited By Vaneet,Updated: 17 Nov, 2018 05:45 PM
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज अकालियों पर अपना सियासी हमला और तेज करते हुए आरोप लगाया है कि कोटकपूरा तथा बहब...
जालंधर/चंडीगढ़(धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज अकालियों पर अपना सियासी हमला और तेज करते हुए आरोप लगाया है कि कोटकपूरा तथा बहबलकलां गोलीकांड के लिए पुलिस को पूर्व अकाली सरकार ने ही उकसाया था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल पर आरोप लगाया कि 2015 में बहबलकलां गोलीकांड को रोकने के लिए उन्होंने कोई प्रयास नहीं किए बल्कि उल्टा पुलिस को ऐसा करने के लिए उकसाया। उन्होंने आज कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एस.आई.टी. के सामने पेश हुए परन्तु उन्हें भी सच्चाई एस.आई.टी. को बतानी ही पड़ेगी।
सीनियर बादल द्वारा मीडिया के सामने कोटकपूरा में गोली चलाने के हुक्म न देने संबंधी किए दावे पर जाखड़ ने कहा कि अगर यह मान लिया जाए कि कोटकपूरा में पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री ने गोली चलाने के हुक्म नहीं दिए थे तो फिर गोली चलने के बाद उन्होंने क्या कार्रवाई की? उन्होंने कहा कि कोटकपूरा में सुबह 6.47 बजे गोली चलाई गई, जबकि पूर्व अकाली सरकार ने पुलिस की गोलीकांड के लिए जिम्मेदारी भीतय नहीं की, जबकि सुबह 10 बजे बहबलकलां में नाम जाप कर रही संगतों पर गोली चला दी गई। अगर पहली घटना में पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा दिया जाता तो दूसरी घटना नहीं होनी थी।
जाखड़ ने कहा कि पूर्व अकाली-भाजपा सरकार ने पुलिस का सियासीकरण कर दिया था। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व सरकार कोटकपूरा गोलीकांड के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर देती तो पंजाब के हालात खराब नहीं होने थे। उन्होंने कहा कि बिना सियासी शह के ऐसा करना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि जस्टिस रंजीत सिंह आयोग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा है कि कोटकपूरा तथा बहबलकलां में गोली चलाने की कोई जरूरत नहीं थी।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में कोटकपूरा गोलीकांड के बाद पुलिस द्वारा जशन मनाने की बात भी लिखी गई है जिससे पता चलता है कि पूर्व सरकार के इशारों पर सबकुछ हुआ। जाखड़ ने जोर देते हुए कहा कि एस.आई.टी. अपने स्तर पर जांच कर रही है पर पंजाब के लोगों के सामने दोनों बादल पिता-पुत्र अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि गोली चलाने वालों के विरुद्ध पूर्व अकाली सरकार ने कोई कार्रवाई न करके इस बात का सबूत दे दिया है कि उन्हें ऊपर से इशारा किया गया था। प्रदेशाध्यक्ष ने दोहराया कि एस.आई.टी. की जांच की रिपोर्ट के बाद इस सारे मामले में कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा तथा उससे कानून के अनुसार निपटा जाएगा। किसी दोषी को भी बख्शा नहीं जाएगा।