मां की गुहार के बाद बेटे की निहंगों ने की पिटाई, भावुक कर देने वाला है पूरा मामला

Edited By Urmila,Updated: 30 Aug, 2026 02:09 PM

nihangs beat the son with sticks

होशियारपुर जिले के टांडा क्षेत्र के गांव जांझा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ निहंग एक युवक की डंडों से पिटाई करते नजर आ रहे हैं।

होशियारपुर : होशियारपुर जिले के टांडा क्षेत्र के गांव जांझा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ निहंग एक युवक की डंडों से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक पर नशे की हालत में अपनी मां के साथ मारपीट करने का आरोप था। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, महिला ने अपनी शादीशुदा बेटी को बताया था कि उसका बेटा नशे की हालत में उसके साथ अक्सर मारपीट करता है। महिला के मुताबिक, बेटे की मारपीट से उसके शरीर पर चोटों के निशान भी पड़े थे। बेटी ने जब यह बात निहंगों को बताई तो चार निहंगों की टीम महिला के घर पहुंची।

20 सेकेंड में 8-9 डंडे मारे

सोशल मीडिया पर सामने आए करीब 55 सेकेंड के वीडियो में एक निहंग युवक के दोनों हाथ आगे करवाकर उसकी डंडों से पिटाई करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि करीब 20 सेकेंड के दौरान युवक के हाथों पर 8 से 9 डंडे मारे गए। इस दौरान निहंग युवक को चेतावनी देते हुए कहते हैं कि उसकी आवाज नहीं आनी चाहिए। युवक पिटाई के दौरान कांपता हुआ दिखाई देता है।

वीडियो में एक निहंग यह भी कहता सुनाई देता है कि उसकी मां की पीठ पर चोटों के निशान हैं और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी निशान हैं, जिन्हें दिखाया नहीं जा सकता। इसी बीच महिला अपने बेटे को लेकर डर जताते हुए कहती है कि निहंगों के जाने के बाद वह उसे फिर मार सकता है। इस पर निहंग महिला को भरोसा दिलाते हुए कहते हैं कि अब उसे मारने का सवाल ही नहीं उठता।

बेटे से मां के पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई

पिटाई के बाद निहंगों ने युवक को नीचे बैठाया और उससे अपनी मां से माफी मांगने को कहा। वीडियो में मां अपने बेटे से यह कहते हुए सुनाई देती है कि अब उसे दोबारा मत मारना। इसके बाद निहंग युवक से दोबारा पूछते हैं कि क्या वह अब अपनी मां के साथ मारपीट करेगा। युवक इसके जवाब में ऐसा नहीं करने की बात कहता है।

निहंग दिलदार सिंह के अनुसार, महिला इससे पहले अपने बेटे के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दे चुकी थी। उनका दावा है कि शिकायत के बावजूद युवक के व्यवहार में कोई खास बदलाव नहीं आया। बाद में महिला ने अपनी शादीशुदा बेटी को अपनी परेशानी बताई। बेटी के जरिए निहंगों को मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद चार निहंग महिला के घर पहुंचे। बताया गया है कि महिला का पति करीब चार वर्ष पहले निधन हो चुका है और उसका बेटा अविवाहित है। फिलहाल महिला और उसके बेटे की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना का वीडियो जत्थेदार गुरजीत सिंह गरजा द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद सामने आया है। वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!