Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Sep, 2017 12:26 PM
मुक्तसर में एक भाई ने दूसरे भाई की हत्या कर दी।
श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा):मामूली तकरार के चलते एक भाई द्वारा अपने ही सगे भाई काे मौत के घाट उतार दिया गया। कत्ल के इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने मृतक के भाई, भाभी तथा एक अन्य महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं ।
थाना सिटी पुलिस को दी गई शिकायत में कुलदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गोनियाना रोड सफेदे वाली बस्ती ने बताया कि वह तीन भाई हैं। उसका भाई जोरा सिंह अपनी भाभी किरण के चाल चलन पर शक करता था।
इस कारण अकसर ही उनके घर में लड़ाई झगड़ा रहता था। गत रात्रि भी इसी बात को लेकर पुन: झगड़ा हुआ। घर में किरण की बहन रेखा भी आई हुई थी। उनके द्वारा उकसाने पर उसके भाई गुरदीप सिंह ने जूती बनाने वाली औजार से जोरा सिंह की छाती पर वार कर दिया।
इस कारण वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना सिटी प्रभारी तजिंदरपाल सिंह ने बताया कि कुलदीप सिंह की शिकायत पर गुरदीप सिंह उर्फ हरदीप, उसकी पत्नी किरण व साली रेखा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।