Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Jul, 2017 08:19 AM
माधोपुरी में एक अधेड़ महिला की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। हत्या को खुदकुशी का रूप देने का प्रयास किया गया है। महिला के गले में पड़ी रस्सी का दूसरा सिरा किचन के दरवाजे की कुंडी में मिला है।घटना का पता सोमवार सुबह चला जब ......
लुधियाना (तरुण): माधोपुरी में एक अधेड़ महिला की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। हत्या को खुदकुशी का रूप देने का प्रयास किया गया है। महिला के गले में पड़ी रस्सी का दूसरा सिरा किचन के दरवाजे की कुंडी में मिला है।घटना का पता सोमवार सुबह चला जब महिला का बेटा ऊपर से नीचे आया। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय अमरजीत कौर के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद ए.सी.पी. सैंट्रल मनदीप सिंह, थाना डिवीजन नं. 3 के प्रभारी संजीव कपूर पुलिस पार्टी सहित व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। वहीं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के सब-इंस्पैक्टर जतिन्द्र सिंह ने कई लोगों के फिंगर प्रिंट लिए हैं।
मृतका के पति की मौत करीब 17 वर्ष पहले हो चुकी है। महिला के 3 बेटियां व एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि बेटे समरजीत सिंह की शादी अगस्त 2016 में पड़ोस की रहने वाली मुस्कान के साथ हुई है। बेटा नौकरी करता है परंतु फिलहाल वह बेरोजगार है। मृतका के बेटे समर ने बताया कि वह घर की दूसरी मंजिल पर रहता है जबकि उसकी मां ग्राऊंड फलोर पर रहती है। घर की पहली मंजिल पर बने कमरों में करीब 15-20 प्रवासी मजदूर किराए पर रहते हैं। रविवार रात को वह काफी समय तक मां के साथ बैठा था। रात करीब 8 बजे उसकी मां ने खाना खाया था, जिसके बाद वह 11 बजे सोने के लिए चला गया।
सोमवार सुबह करीब 9.30 जब वह नीचे उतरा तो उसके होश उड़ गए। उसकी मां का शव किचन में पड़ा हुआ था। उसकी मां के गले में रस्सी थी। जिसके बाद उसकी पत्नी और इलाका निवासी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी संजीव कपूर ने बताया कि मृतका की बड़ी बेटी गगनप्रीत कौर के बयान पर अज्ञात हत्यारे के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस कई थ्यूरियों पर काम कर रही है। अज्ञात हत्यारे ने हत्या को खुदकुशी का रंग देने का प्रयास किया है।
सुबह साढ़े 6 बजे के बाद हुई है हत्या
थाना प्रभारी संजीव कपूर ने बताया कि अमरजीत कौर की हत्या सुबह साढ़े 6 बजे के बाद की गई है। अमरजीत मोबाइल का इस्तेमाल करती थी और वह बेटी के साथ व्हाट्स एप पर एक्टिव थी। सुबह साढ़े 6 बजे उसने बड़ी बेटी गगनप्रीत कौर को गुड माॄनग का मैसेज व्हाट्स एप पर भेजा। इसके आधार पुलिस का हत्या का समय सोमवार सुबह मान कर चल रही है।
सोमवार को नहीं हुआ पोस्टमार्टम
थाना डिवीजन नं. 3 की पुलिस को हत्या की सूचना सोमवार सुबह करीब पौने 10 बजे मिली। पुलिस सारा दिन कई थ्यूरियों पर काम करती रही। मृतका के शव का मंगलवार सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। जिसके बाद हत्या कैसे की गई है, ये कारण स्पष्ट रूप से सामने आएंगे।
करीबी रिश्तेदार हो सकता है हत्यारा
मृतका अमरजीत कौर की 3 बेटियां हैं जबकि सबसे छोटा बेटा समरजीत सिंह उसी के पास रहता है। एक बेटी की शादी फगवाड़ा में हुई है जबकि बड़ी बेटी व मंझली बेटी लुधियाना में शादी कर अपने परिवार के साथ रह रही हैं। सूत्रों के अनुसार जिस प्रकार अमरजीत कौर की हत्या की गई है, उससे प्रतीत होता है कि किसी करीबी रिश्तेदार ने ही हत्या की है। पुलिस को भी इस हत्या में किसी करीबी रिश्तेदार की संलिप्तता के सबूत मिले हैं परंतु आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की।