मोदी तानाशाह रहे, तानाशाही नीतियां ही चुनावों में उनके पतन का कारण बनेंगी : वीरभद्र सिंह

Edited By Pardeep,Updated: 14 Apr, 2019 04:42 AM

modi is a dictator dictatorship policies will cause him to fall in elections

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को राजनीति का व्यापक अनुभव प्राप्त है। वीरभद्र सिंह 1962 में राजनीति में आए तथा 1982 में पहली बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उसके बाद वह लगातार 6 बार हिमाचल के मुख्यमंत्री बने तथा 5 बार(1962,...

जालन्धर(धवन): हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को राजनीति का व्यापक अनुभव प्राप्त है। वीरभद्र सिंह 1962 में राजनीति में आए तथा 1982 में पहली बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उसके बाद वह लगातार 6 बार हिमाचल के मुख्यमंत्री बने तथा 5 बार(1962, 1967, 1972, 1980 तथा 2009 में) सांसद बनकर केंद्रीय राजनीति में भी गए। उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने भी मंडी लोकसभा सीट का संसद में प्रतिनिधित्व किया।

पिछली बार वीरभद्र सिंह 25 दिसम्बर 2012 से 27 दिसम्बर 2017 तक हिमाचल के मुख्यमंत्री पद पर रहे। उन्होंने कहा कि मोदी ने तानाशाह की तरह काम किया और तानाशाही नीतियां ही  चुनाव में उनके पतन का कारण बनेंगी। अब वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश में पुन: सक्रिय होकर कांग्रेस को मजबूती देने का अभियान चलाया हुआ है। आज वीरभद्र सिंह से देश व प्रदेश की राजनीति को लेकर महत्वपूर्ण सवाल-जवाब किए गए, जिनके अंश निम्रलिखित  हैं- 

प्र : लोकसभा के चुनाव शुरू हो चुके हैं। आपके अनुसार केंद्र में कैसी सरकार बनने जा रही है?
उ : मेरे विचार से केंद्र में इस बार मिली-जुली सरकार बनेगी। भाजपा नीत एन.डी.ए. सरकार का अस्तित्व खतरे में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न भागों में चुनावी नतीजे अलग-अलग रहने का अनुमान है। 
प्र. आप केंद्र में मोदी सरकार की कारगुजारी को किस तरह से आकलन करते हैं?
उ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरी तरह से तानाशाह रहे। उनकी तानाशाही नीतियां ही चुनावों में उनके पतन का कारण बनेंगी, क्योंकि लोकतंत्र में सभी को साथ लेकर चलना पड़ता है जबकि मोदी ने अपने फैसलों को अपने मंत्रियों तथा देश की जनता पर थोपने की कोशिश की। 
प्र. आपके अनुसार भाजपा लोकसभा चुनाव में कितनी सीटें ले सकती है?
उ. भाजपा सरकार की कारगुजारी  को देखते हुए मुझे संदेह है कि वह इस बार 180 का आंकड़ा पार कर सकेगी। देश की जनता मोदी सरकार की कारगुजारी से खफा है। उसका जवाब देने का समय आ गया है। 
प्र. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले कुछ समय से मोदी सरकार के खिलाफ काफी आक्रामक रवैया अपनाया हुआ है।
उ. राहुल गांधी ने पिछले 2 वर्षों में कांग्रेस को मजबूती देने के लिए काफी मेहनत की है। कांग्रेस मजबूती के साथ जनता की समस्याओं को उभारने में सफल रही। राहुल गांधी ने राफेल घोटाले सहित कई खामियों को उजागर किया। देश की जनता का भरोसा राहुल गांधी में बढ़ा है। 
प्र.राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी भी राजनीति में कूद पड़ी हैं। इसका चुनावों में क्या असर पड़ेगा?
उ. राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की जोड़ी कांग्रेस के लिए वरदान सिद्ध होगी। लोकसभा चुनाव में नौजवान मतदाता कांग्रेस के पक्ष में सामने आ रहे हैं। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में पार्टी को अच्छा नेतृत्व दिया है तथा इसे देखते हुए लगता है कि कांग्रेस की सीटों में भी इस बार प्रियंका के कारण बढ़ौतरी होगी। 
प्र.मोदी विपक्ष विशेष रूप से कांग्रेस द्वारा उठाए गए मसलों से दौड़ते रहे हैं? 
उ. प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब सही ढंग से नहीं दिया। कांग्रेस इसके बावजूद जनता में अपना विश्वास बनाने में कामयाब हुई। मेरा राजनीतिक अनुभव बताता है कि कांग्रेस को जिस तरह से इलैक्ट्रॉनिक चैनल कम आंक रहे हैं उनका  अंदाजा बिल्कुल गलत निकेलगा। कांग्रेस आश्चर्यजनक नतीजे पेश करने में कामयाब रहेगी। 
प्र.प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने केंद्रीय एजैंसियों का पांच वर्षों में बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया है?
उ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तानाशाह रहे। मोदी ने केंद्रीय एजैंसियों सी.बी.आई. तथा ई.डी. का प्रयोग जमकर अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ किया। मोदी की तानाशाही नीतियां जनता में उनके खिलाफ जा रही हैं। मोदी ने कांग्रेस नेताओं को जमकर निशाना बनाया परन्तु जितना मोदी ने अपने विरोधियों को तंग किया उतने ही वे ज्यादा मजबूत होकर उभरे। 
प्र.हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति कैसी है?
उ. कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनाव में मिली हार से उभर चुकी है। कांग्रेस का मनोबल बढ़ा है। मैं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों की पूरी मदद करूंगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम 50 प्रतिशत तो भाजपा को पराजित करने में कामयाब हो जाएंगे। 
प्र.हिमाचल में क्या कांग्रेसी उम्मीदवारों का चयन ठीक रहा है?
उ. एक-दो सीटों को छोड़कर कुल मिलाकर कांग्रेसी उम्मीदवारों का चयन ठीक रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी उम्मीदवारों का चयन करते समय अभी कुछ और गहराई में जाने की जरूरत थी। 
प्र. हिमाचल में भाजपा सरकार की कारगुजारी को आप कैसे आंकते हैं?
उ. हिमाचल में भाजपा सरकार की कारगुजारी से जनता संतुष्ट नहीं है। मेरी पूर्व सरकार ने जनकल्याण व विकास के लिए जितनेे कार्य किए उनका 10 प्रतिशत भी भाजपा सरकार करने में कामयाब नहीं हो सकी। जनता ने जिस तरह से भाजपा सरकार को फतवा दिया था उस पर वह खरा नहीं उतर पाई है। कांग्रेस धीरे-धीरे प्रदेश की राजनीति में फिर से हावी हो रही है। 
प्र.सुखराम की कांग्रेस में वापसी हो गई है। आप इसे किस तरह से लेते हैं?
उ. सुखराम से मेरे कोई राजनीतिक मतभेद नहीं हैं। उनके पोते को मंडी लोकसभा सीट से टिकट दी गई है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई किसी का न तो सदा के लिए दुश्मन  और न ही मित्र होता है। राजनीतिक परिस्थितियां ही नेताओं को एक-दूसरे के निकट व दूर लाती हैं। 
प्र. पिछले 5 वर्षों में देश के अंदर महंगाई व पैट्रोलियम उत्पादों की कीमतों से जनता को काफी कष्ट हुआ?
उ. महंगाई पर भाजपा सरकार रोक लगाने में विफल रही। पैट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर भी सरकार नियंत्रण नहीं रख सकी। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई के मुद्दे पर काफी शोर मचाया था परन्तु इस मामले में वह कुछ भी करने में कामयाब नहीं हुई। 
प्र. लोकसभा चुनाव में किन-किन क्षेत्रों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत रहेगी?
उ. उत्तरी भारत तथा दक्षिणी भारत में कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में है। पश्चिम भारत में भी कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहेगा। भाजपा को प्रत्येक राज्य में नुक्सान झेलना पड़ेगा। उत्तर भारत के लोग तो कांग्रेस को जिताने का मन बनाए बैठे हैं। 
प्र. मोदी सरकार द्वारा बालाकोट में किए गए हवाई हमले का भाजपा को कितना फायदा मिलेगा?
उ. मोदी सरकार को पता था कि भाजपा का पतन बड़ी तेजी से हो रहा है। इसे देखते हुए मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया ताकि उसका चुनावों में फायदा मिल सके परन्तु जब से चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई है तब से वास्तविक मुद्दे जनता के सामने आ गए हैं। 
प्र.कांग्रेस व भाजपा दोनों ने अपने चुनावी घोषणा पत्र जारी किए हैं। आप इन पर क्या टिप्पणी करेंगे?
उ. कांग्रेस व भाजपा दोनों ने अपने चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिए हैं परन्तु कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र जनता को अधिक प्रभावित कर रहा है, क्योंकि भाजपा ने तो अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वायदों को पूरा नहीं किया है। भाजपा ने पिछले चुनाव में जनता को 15-15 लाख रुपए की राशि देने का वायदा किया था जो पूरा नहीं हुआ। इस तरह से भाजपा ने हर वर्ष 2 करोड़ बेरोजगारों को नौकरियां देने का भी वायदा किया था। इसीलिए भाजपा ने इस बार चुनावी घोषणा पत्र की बजाय संकल्प पत्र पेश किया।
प्र. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गरीबों को न्यूनतम आमदनी गारंटी स्कीम देने का वायदा किया?
उ. राहुल गांधी ने गरीबों को हर वर्ष 72,000 रुपए की राशि देने का वायदा किया। इसी तरह से किसानों का कर्जा माफ करने की बात कही है। मोदी सरकार तो किसानों को कुछ भी राहत नहीं दे सकी, इसीलिए किसानों ने मध्यप्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। 
प्र. क्या आप समझते हैं कि कांग्रेस सरकार देश को मजबूती से आगे बढ़ा सकेगी?
उ. कांग्रेस सरकार देश को मजबूती दे सकती है। पाकिस्तान को भी कांग्रेस सरकार मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। देश में धर्मनिरपेक्ष ढांचे को बनाए रखने में भी कांग्रेस ही कारगर सिद्ध हो सकती है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!