Edited By Kalash,Updated: 29 Sep, 2026 05:06 PM

घर से लापता हुए एक 15 वर्षीय स्कूली बच्चे का शव मुकेरियां हाइडल के पावर हाउस नंबर दो के गेटों से बरामद हुआ है।
तलवाड़ा (जोशी): घर से लापता हुए एक 15 वर्षीय स्कूली बच्चे का शव मुकेरियां हाइडल के पावर हाउस नंबर दो के गेटों से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सोरिश डडवाल के रूप में हुई है। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना तलवाड़ा के एस.एच.ओ. सतपाल सिंह ने बताया कि गांव रेपुर के रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिक संजीव कुमार ने 28 सितम्बर को अपने बेटे सोरिश डडवाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस को दिए बयानों में संजीव कुमार ने बताया कि उनका बेटा आर्मी स्कूल ऊंची बस्सी में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। पढ़ाई में थोड़ा कमजोर होने के कारण वह अक्सर तनाव में रहता था। 28 सितम्बर को वह स्कूल से पेपर देकर घर लौटा और शाम करीब 3:30 बजे मोहल्ले में बच्चों के साथ खेलने के बहाने घर से चला गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। परिवार द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
मृतक के पिता के अनुसार, आज किसी परिचित ने उन्हें सूचना दी कि पावर हाउस नंबर दो के गेटों के पास एक बच्चे का शव मिला है। जब वे रिश्तेदारों सहित मौके पर पहुंचे तो पानी में मौजूद शव उनके बेटे सोरिश का ही था। पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला। पिता ने आशंका जताई कि पढ़ाई के तनाव के कारण उनका बेटा शाह नहर की ओर चला गया होगा, जहां अचानक पैर फिसलने के कारण वह नहर में जा गिरा। तलवाड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पिता के बयानों के आधार पर बी.एन.एस.एस. धारा सी.आर.पी.सी. धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। बी.बी.एम.बी. अस्पताल तलवाड़ा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here