Edited By Tania pathak,Updated: 24 Sep, 2021 11:04 AM
पंजाब कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ जिन्हें कल चंडीगढ़ से राहुल गांधी व प्रियंका अपने साथ ही दिल्ली ले गए थे, को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने पर आज दिल्ली में अहम बैठकें चलती रहीं। कांग्रेसी सूत्रों ने....
जालंधर (धवन): पंजाब कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ जिन्हें कल चंडीगढ़ से राहुल गांधी व प्रियंका अपने साथ ही दिल्ली ले गए थे, को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने पर आज दिल्ली में अहम बैठकें चलती रहीं। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान विशेष रूप से राहुल व प्रियंका चाहते हैं कि जाखड़ नाराज नहीं रहने चाहिएं तथा आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उन्हें पार्टी गतिविधियों में सक्रिय किया जाना चाहिए अन्यथा पार्टी के हिन्दू वोट बैंक पर असर पड़ सकता है।
जाखड़ के निकटवर्तियों का मानना है कि राहुल व प्रियंका की ओर से जाखड़ को उप मुख्यमंत्री पद व गृह विभाग देने की पेशकश की गई थी जिन्हें जाखड़ ने ठुकरा दिया था। राहुल चाहते थे कि जाखड़ को सरकार का हिस्सा बनाया जाए परन्तु इसके लिए जाखड़ तैयार नहीं हुए। अब पार्टी संगठन में जाखड़ को सक्रिय करने की योजना पर काम चल रहा है। एक चर्चा यह भी सुनने को मिली है कि जाखड़ को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस की कैम्पेन कमेटी का चेयरमैन बना दिया जाए।
दूसरा सुझाव यह भी राहुल व प्रियंका को दिया गया है कि जाखड़ को कैम्पेन कमेटी के चेयरमैन के साथ-साथ पंजाब में कांग्रेस उम्मीदवारों का
चयन करने वाली कमेटी में भी महत्वपूर्ण भूमिका दे दी जाए। अभी यह नहीं पता चला है कि जाखड़ किस पद को लेकर सहमत होंगे परन्तु जाखड़ को मनाने की कोशिशें कांग्रेस नेतृत्व द्वारा स्वयं की जा रही हैं क्योंकि एक तरफ तो पूर्व मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह नाराज हैं तो दूसरी ओर जाखड़ की नाराजगी को केंद्रीय नेतृत्व कभी नहीं चाहेगा। ऐसी स्थिति में कांग्रेस के लिए जाखड़ को सक्रिय करने की योजना पर गंभीरता से विचार शुरू हो चुका है। जाखड़ जोकि स्व. बलराम जाखड़ के पुत्र हैं, को किसी भी हालत में केंद्रीय नेतृत्व सक्रिय राजनीति का हिस्सा बनाने में जुटा हुआ है। पता चला है कि राहुल व प्रियंका ने स्वयं जाखड़ का मन टटोला है।
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here