Edited By swetha,Updated: 31 Jan, 2020 08:58 AM
पंजाब का चर्चित मौड़ बम ब्लास्ट कांड अभी तक रहस्मयी बना हुआ है।
बठिंडा(विजय): पंजाब का चर्चित मौड़ बम ब्लास्ट कांड अभी तक रहस्मयी बना हुआ है। 2 बार पुलिस की एस.आई.टी. इस पर जांच कर चुकी है लेकिन अभी तक कुछ हाथ नहीं लगा, जबकि पुलिस ने नामजद 3 आरोपियों का चालान तलवंडी साबो में अकबर खान की अदालत में पेश किया है।
पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सुराग लगे थे, जिसमें डेरा सच्चा सौदा के 3 अनुयायी शामिल थे। इनमें डबवाली का गुरतेज सिंह काला, संगरूर का अमरीक सिंह व हरियाणा के पिहोवा का अवतार सिंह था। पुलिस इन्हें ढूंढने में भी नाकाम रही। यहां तक कि इन तीनों के गुमशुदगी इश्तिहार भी पुलिस ने जारी किए थे लेकिन फिर भी इनका कुछ पता नहीं चला। इनकी गैर-हाजिरी में ही पुलिस ने चालान तलवंडी साबो में अकबर खान की अदालत में पेश किए।
यह ब्लास्ट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मौड़ हलका के प्रत्याशी हरमंदर सिंह जस्सी की जनसभा के नजदीक किया गया था। माना जाता है कि जस्सी को निशाने पर लेकर यह हमला हुआ था लेकिन वह बाल-बाल बच गए थे। हाईकोर्ट ने एक याचिका के आधार पर पुलिस को 3 महीने में इसकी पुन: जांच के आदेश जारी किए थे। समय पूरा होने पर पुलिस ने अपनी रिपोर्ट अटार्नी जनरल के माध्यम से न्यायालय में पेश कर दी है लेकिन आज केस नहीं लग पाया और शुक्रवार को न्यायाधीश के समक्ष रिपोर्ट रखी जाएगी।