Edited By Kamini,Updated: 19 Aug, 2026 07:14 PM

बनाए गए लाइव वीडियो में उसने रिटायर्ड जेल सुपरिंटेंडेंट बलविंदर सिंह, उसकी बहनों और कुछ अन्य रिश्तेदारों पर कथित तौर पर परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बठिंडा (विजय वर्मा): बठिंडा में एक व्यक्ति द्वारा फेसबुक पर लाइव होने के बाद झील में छलांग लगाकर खुदकुशी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलवीर सिंह के रूप में हुई है। खुदकुशी से पहले बनाए गए लाइव वीडियो में उसने रिटायर्ड जेल सुपरिंटेंडेंट बलविंदर सिंह, उसकी बहनों और कुछ अन्य रिश्तेदारों पर कथित तौर पर परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला उस समय गंभीर हो गया, जब बलवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपनी बात रखने के बाद बठिंडा की झील में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और झील से मृतक का शव बरामद कर लिया। शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक की साली कुलविंदर कौर ने आरोप लगाया कि वे काफी समय से पुलिस के पास शिकायतें कर रहे थे। उसने बताया कि उसके जीजा बलवीर सिंह ने उसकी मदद करने का प्रयास किया था। कुलविंदर कौर के मुताबिक, उसका पहले विवाह हुआ था और बाद में रिटायर्ड जेल सुपरिंटेंडेंट बलविंदर सिंह से दूसरा विवाह हुआ। उसका दावा है कि इस मामले को लेकर पैदा हुए विवाद और कथित परेशानी के कारण बलवीर सिंह ने यह कदम उठाया।
खुदकुशी से पहले की लाइव वीडियो में बलवीर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों ने पुलिस जांच को भी गंभीर मोड़ दे दिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। वीडियो में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक द्वारा लाइव वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद बठिंडा में सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here