Edited By Vatika,Updated: 09 Jun, 2026 10:19 AM

पंजाब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी ममता आशु ने मीडिया
लुधियाना, (विक्की): पंजाब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी ममता आशु ने मीडिया में छपी खबरों का संज्ञान लेते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ स्थित पंजाब MLA हॉस्टल से जुड़ी हेरिटेज कुर्सियों और स्टूलों की अमेरिका में नीलामी होने की खबर बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए क्योंकि पंजाबी इस मामले बारे सच जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इन वस्तुओं की नीलामी शिकागो में लाखों रुपये में की गई है, जबकि इन पर पंजाब MLA हॉस्टल की पहचान अंकित बताई जा रही है। ममता आशु ने सवाल उठाया कि यदि यह फर्नीचर वास्तव में पंजाब की विरासत का हिस्सा था, तो यह देश से बाहर कैसे पहुंचा? इसकी जिम्मेदारी किसकी है? क्या संबंधित विभागों से कोई अनुमति ली गई थी?
उन्होंने कहा कि सरकार को पंजाब की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य की धरोहरों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले ही आर्थिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में राज्य की ऐतिहासिक संपत्तियों के संरक्षण को लेकर सामने आए सवाल सरकार की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए। ममता आशु ने कहा कि पंजाब की विरासत किसी सरकार या दल की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की अमानत है और इसके संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।