Edited By Subhash Kapoor,Updated: 12 Jul, 2026 08:59 PM

नंगल सब डवीजन के नजदीकी गांव दड़ौली के एक व्यक्ति द्वारा नंगल हाइडल नहर में गिरी अपनी बकरी को बचाने के प्रयास में बहने के बाद परिवार व गोताखोरों द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब वह नहर किनारे अपनी...
नंगल (सैनी): नंगल सब डवीजन के नजदीकी गांव दड़ौली के एक व्यक्ति द्वारा नंगल हाइडल नहर में गिरी अपनी बकरी को बचाने के प्रयास में बहने के बाद परिवार व गोताखोरों द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब वह नहर किनारे अपनी बकरियां चरा रहा था और एक बकरी को बचाने के प्रयास में स्वयं तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया।
इस संबंधी जानकारी देते जांच अधिकारी एएसआई बलराम ने बताया कि परिजनों ने नंगल पुलिस को उक्त घटना संबंधी जानकारी दी और उस लापता व्यक्ति की पहचान मेजर सिंह उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी गांव दड़ोली के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि मेजर सिंह रोज की तरह अपनी बकरियां चराने के लिए घर से निकला था। जब वह गांव जांदला के समीप नंगल हाइडल नहर के किनारे बकरियां चरा रहा था, तभी अचानक उसकी एक बकरी अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
अपनी बकरी को डूबने से बचाने के लिए मेजर सिंह नहर के किनारे उतरकर उसे बाहर निकालने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पानी के तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह स्वयं भी नहर के गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह तेज बहाव में बह गया और लापता हो गया। लोगों ने बताया कि हादसे वाली जगह के पास एक सी.सी.टी.वी. कैमरा भी लगा हुआ है जिसमें नहर में गिरने से कुछ समय पहले मेजर सिंह के बकरियां चराते हुए दृश्य कैमरे में कैद हुए हैं।
ग्रामीणों और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मेजर सिंह लंबे समय तक विदेश में रहा था। वह लगभग दो वर्ष पहले ही स्थायी रूप से अपने गांव दड़ोली लौटकर आया था। गांव लौटने के बाद वह खेती-बाड़ी और बकरी पालन के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था।